हरियाणा की महिला से गुरुग्राम और गाजियाबाद में 10 दिन तक सामूहिक दुष्कर्म
24 फरवरी रात दो बजे तीन लोग उसके कमरे में जबरन घुस गए। इसके बाद मुंह में कपड़ा ठूंसकर एक गाड़ी में अपहरण कर गुरुग्राम ले गए। इसके बाद 10 दिन तक उससे दरिंदगी हुई।
नूंह/मेवात, जेएनएन। दिल्ली से बेहद करीब नूंह के पुन्हाना थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला को अगवा करने के बाद 10 दिन तक बंधक बनाकर 11 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात गुरुग्राम और गाजियाबाद में अंजाम दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता के बयान भी दर्ज कराए हैं। पीड़िता ने बताया कि वह शादीशुदा है। पिछले दिनों मायके आई थी। 24 फरवरी रात दो बजे तीन लोग उसके कमरे में जबरन घुस गए। इसके बाद मुंह में कपड़ा ठूंसकर एक गाड़ी में अपहरण कर गुरुग्राम ले गए। जहां आरोपितों ने पीड़िता को एक कमरे में बंद करके रखा। जहां उनके अन्य साथी भी मौजूद थे। वहां सभी 11 लोगों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
वहां एक रात रुकने के बाद आरोपित पीड़िता को गाजियाबाद ले गए। वहां भी सभी ने दुष्कर्म किया।
चार मार्च को आरोपित पीड़िता को गाजियाबाद से पिनगवां छोड़कर भाग गए। वहां से घर पहुंचकर परिजनों को पीड़िता ने आपबीती बताई। घटना के बाद तबीयत ठीक नहीं होने की वजह से तुरंत पुलिस को जानकारी नहीं दी।