महिला का पति से चल रहा था विवाद, सहकर्मी ने पार्टी करने के बहाने किया दुष्कर्म
मूलरूप से बरेली की रहने वाली एक युवती सलारपुर में रहती है।
नोएडा (जेएनएन)। कोतवाली सेक्टर 39 क्षेत्र के छलेरा में रहने वाली एक महिला ने सहकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली महिला छलेरा में रहती हैं। वह सेक्टर 8 स्थित एक कंपनी में काम करती हैं। महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसकी कंपनी में काम करने वाला एक युवक छलेरा में रहता है।
17 मार्च को आरोपित सहकर्मी ने घर पर पार्टी रखी थी। आरोप है वहां पार्टी के बाद आरोपित ने उसे शराब पिलाकर दुष्कर्म किया। बाद में शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उधर, मूलरूप से बरेली की रहने वाली एक युवती सलारपुर में रहती है। आरोप है कि बरेली का ही रहने वाला एक युवक उसे करीब दो वर्ष पहले बहला फुसलाकर बरेली से नोएडा लेकर आ गया और उसे सलारपुर में लेकर साथ रहने लगा। इस बीच आरोपित ने खुद को कुंवारा बताकर उससे दुष्कर्म किया।
एक सप्ताह पहले जब युवती ने उससे शादी को लेकर दबाव बनाना शुरू किया तो आरोपित युवक फरार हो गया। अब पता लगा है कि आरोपित शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पीड़िता ने कोतवाली सेक्टर 39 पुलिस से शिकायत की है।
पुजारी पर किशोरी से अश्लील हरकत करने का आरोप
वहीं कोतवाली फेज टू क्षेत्र के एक गांव में पुजारी पर किशोरी से अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। किशोरी के शोर मचाने पर लोगों ने पुजारी को पकड़ कर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले किया। घटना रविवार शाम की है। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर मिथलेश उपाध्याय ने बताया कि शिकायत में किशोरी लिखा गया है, लेकिन जांच में पता लगा है कि पीड़िता बालिग है और ब्यूटी पार्लर चलाती है। इंस्पेक्टर के अनुसार पुजारी का कहना है मंदिर के आसपास लगने वाली दुकानों के हटवाने को लेकर आसपास के लोगों में गुस्से की वजह से उन पर आरोप लगाया गया है। आगे जांच कर कार्रवाई होगी।