महिला ने दिखाई दिलेरी, टक्कर मारकर भाग रहे ऑटो चालक को पीछा कर रोका
धक्का मारने के बाद भाग रहे ऑटो चालक का सीमा ने पीछा किया और उसे आॅटो रोकने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी।
नई दिल्ली, जेएनएन। पंजाबी बाग थाना क्षेत्र में युवक को टक्कर मारकर भाग रहे ऑटो चालक को स्कूटी सवार महिला ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है। मृतक युवक की पहचान मादीपुर निवासी विक्की के रूप में हुई। ऑटो चालक की पहचान मंगोलपुरी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई।
ऑटो चालक को पकड़ने वाली सीमा परिवार के साथ पूंठकलां गांव में रहती हैं। शुक्रवार रात को सीमा करोल बाग से स्कूटी से घर जा रही थीं। मादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास ऑटो चालक ने सड़क पार कर रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी और ऑटो चालक भागने लगा।
इसके बाद सीमा ने ऑटो चालक का पीछा किया और उसे आॅटो रोकने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।