पूर्व केंद्रीय मंत्री के आवास पर मेड से दरिंदगी, चार बार बनी हवस का शिकार
सितंबर 2015 में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिल्ली से बाहर गई थीं तो देर रात 11 बजे सुभाष ने बहाने से उसे अपने कमरे में बुलाया और दुष्कर्म किया।
नई दिल्ली (जेएनएन)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री के लोधी एस्टेट स्थित सरकारी आवास में घरेलू सहायिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि फरीदाबाद सेक्टर 14 निवासी कांग्रेसी नेता सुभाष चौधरी ने तेलंगाना की रहने वाली पीड़िता को चार बार हवस का शिकार बनाया।
यहां तक कि उसकी 25 लाख की जमीन भी अपने नाम करवा ली और पैसे नहीं दिए। महिला की शिकायत पर तुगलक रोड थाना पुलिस ने सुभाष के खिलाफ दुष्कर्म व जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है।
नई दिल्ली जिले के डीसीपी बीके सिंह के मुताबिक, 32 वर्षीय महिला पूर्व केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास में 14 सालों से बतौर घरेलू सहायिका काम कर रही है। सुभाष वहीं रहकर आवास की देखरेख करता था। शिकायत में महिला ने कहा है कि 2011 में वह अपने गांव की जमीन बेचना चाह रही थी जो उसकी मां के नाम थी।
सुभाष से इसका जिक्र किया तो उसने जमीन खरीदने की बात कही। उस समय जमीन की कीमत 25 लाख रुपये थी। इसके बाद सुभाष ने अपने रिश्तेदार सेवा चौधरी को महिला के गांव भेजकर उसकी मां से कागजात पर अंगूठे का निशान लगवाकर जमीन अपने नाम करा ली, लेकिन पैसे नहीं दिए।
जब वह पैसे मांगती तो छेड़खानी करने लगता। सितंबर 2015 में पूर्व केंद्रीय मंत्री दिल्ली से बाहर गई थीं तो देर रात 11 बजे सुभाष ने बहाने से उसे अपने कमरे में बुलाया और दुष्कर्म किया।
शोर मचाने पर वहां पहुंचे अन्य घरेलू सहायकों विष्णु व शिवाजी रेड्डी के सामने धमकी दी कि किसी को कुछ बताया तो जान से मार डालेगा।
आरोप है कि 23 सितंबर तक सुभाष ने चार बार दुष्कर्म किया। इसके बाद वह फरीदाबाद चला गया। महिला ने कई बार फोन कर उससे जमीन के पैसे मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। इसके बाद 4 अक्टूबर को थाने पहुंचकर उसने मुकदमा दर्ज करवा दिया।