यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात, जरा सी बात पर शख्स ने महिला को कार से घसीटा
Delhi Crime News पीड़िता कैब से निकलकर कार चालक के पास पहुंची तो वह अपनी कार में बैठ गया। इसके ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मामूली बात पर आपा खो देना अपराध का बड़ा कारण बनता जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में छोटी-छोटी बातों पर हत्या तक की वारदात होती रहती हैं। सड़कों पर एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़, साइड देने में देर होने पर मारपीट, पार्किग को लेकर कहासुनी, गाड़ियां छू भर जाने पर लोग मरने-मारने तक पर उतारू हो जा रहे हैं।
ताजा मामला अमर कालोनी थाना क्षेत्र का है, जहां कैब के निकलने के लिए रास्ता मांगने पर कार चालक युवक ने एक महिला को न केवल गाली दी और पीटा, बल्कि उसे काफी दूर तक कार से घसीटकर ले गया और उसके बाद सड़क पर धक्का देकर भाग गया।
जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की रात हौजखास विलेज से एक महिला कैब से घर लौट रही थी। उसी दौरान सड़क पर दो कार चालक (स्कार्पियो कार सवार और बलेनो कार सवार) आपस में झगड़ा कर रहे थे, जिससे रास्ता लगभग बंद हो गया था। कैब चालक ने रास्ता मांगा तो बलेनो कार चालक उससे गाली-गलौज करने लगा। इस पर कैब में सवार महिला ने उसका विरोध किया तो वह उसे भी गाली देने लगा।
पीड़िता कैब से निकलकर कार चालक के पास पहुंची तो वह अपनी कार में बैठ गया। इसके बाद उसने महिला से मारपीट की। इसी बीच आरोपित ने अपनी कार तेज रफ्तार में बढ़ाकर कुछ दूर तक महिला को सड़क पर घसीटा और फिर उन्हें धक्का देकर भाग गया।
इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है। पीड़िता की शिकायत पर अमर कालोनी थाना पुलिस ने दो मई को आरोपित बलेनो कार चालक उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया है। कार भी जब्त कर ली गई है।
इतना ही नहीं, आरोप है कि घायल अवस्था में पीड़िता कालकाजी थाना पहुंची तो वहां पुलिस ने कार्रवाई करने के नाम पर उन्हें तड़के चार बजे तक थाने में बैठाए रखा। कार्रवाई को लेकर पूछने पर तीन पुलिसकर्मियों ने न केवल उनसे बदसुलूकी की, बल्कि थाने से भी निकाल दिया।
अगली सुबह पीड़िता दोबारा थाने पहुंची तो बताया गया कि मामला अमर कालोनी थाने का है। इसके बाद अमर कालोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बलेनो कार चालक उदयवीर को गिरफ्तार कर लिया। कालकाजी थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा बदसुलूकी की शिकायत पर एक एसआई, एक हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
