Move to Jagran APP

पढ़ाई क्यों नहीं जारी रख पातीं देश की 60% लड़कियां, प्यार में पड़ने समेत यह है वजहें

हरियाणा बिहार गुजरात और आंध्र प्रदेश में 1604 परिवारों के साथ 3000 से अधिक साक्षात्कार के जरिये किए गए चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राइ) ने एक सर्वे में यह बात सामने आई है।

By JP YadavEdited By: Published: Sun, 10 Mar 2019 08:19 AM (IST)Updated: Sun, 10 Mar 2019 05:39 PM (IST)
पढ़ाई क्यों नहीं जारी रख पातीं देश की 60% लड़कियां, प्यार में पड़ने समेत यह है वजहें
पढ़ाई क्यों नहीं जारी रख पातीं देश की 60% लड़कियां, प्यार में पड़ने समेत यह है वजहें

नई दिल्ली [लोकेश चौहान]। प्रदेश और केंद्र सरकार भले 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाएं और अभिभावकों की परेशानी व कई अन्य कारणों से 60 फीसद से अधिक लड़कियां प्राइमरी शिक्षा से आगे की पढ़ाई पूरी नहीं कर पातीं। इसका सबसे बड़ा कारण लड़कियों की शादी, घरेलू काम और शिक्षा की लागत बड़े कारण हैं। चार राज्य हरियाणा, बिहार, गुजरात और आंध्र प्रदेश में 1604 परिवारों के साथ 3000 से अधिक साक्षात्कार के जरिये किए गए चाइल्ड राइट्स एंड यू (क्राइ) ने एक सर्वे में यह बात सामने आई है।

loksabha election banner

सर्वे में उन कारकों का मूल्यांकन किया गया, जो लड़कियों की स्कूली शिक्षा जारी रहने में बाधक हैं। देश में प्राथमिक स्तर पर स्कूल जाने वाली लड़कियों की संख्या में सुधार हुआ है, लेकिन माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर तक पहुंचते-पहुंचते लड़कियों की स्कूली शिक्षा बीच में छूटना आज भी बड़ी चुनौती है।

निर्भरता बनी सबसे  बड़ी बाधा
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जारी सर्वे रिपोर्ट में सामने आया कि स्कूल जाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भरता लड़कियों की स्कूली शिक्षा जारी रहने में सबसे बड़ी बाधा (90 फीसद) है। लगातार अनुपस्थिति (29 फीसद) और स्कूल में महिला अध्यापक न होना (18 फीसद) भी कुछ अन्य कारण हैं, जिनके कारण लड़कियों को स्कूली शिक्षा बीच में छोड़नी पड़ती है। अनुपस्थिति का कारण मुख्य रूप से बार-बार बीमार पड़ना (52 फीसद) और घरेलू कामों में व्यस्तता (46 फीसद) चार राज्यों में लड़कियों की शिक्षा में बड़ी बाधा है।

सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का अभाव रोक रही लड़कियों की शिक्षा
गुजरात और आंध्र प्रदेश में लड़कियों ने बताया कि स्कूल से दूरी व स्कूल पहुंचने के लिए परिवहन में आने वाली लागत उनकी स्कूली शिक्षा में बड़ी बाधा है। वहीं हरियाणा, आंध्र प्रदेश और गुजरात में माहवारी एक मुख्य कारण हैं। 87 फीसद स्कूलों में लड़कियों के लिए अलग शौचालय हैं, लेकिन इनमें पानी और हाथ धोने की सुविधा तक नहीं है।

सर्वे में सामने आया कि स्कूल जाने के लिए अपनी इच्छा (88 फीसद) और परिवार की ओर से प्रेरणा (87 फीसद) भी मुख्य कारण हैं, जो लड़कियों को स्कूल जाने के लिए प्रेरित करते हैं। परिवार (94 फीसद) और समुदाय (95 फीसद) लड़कियों को स्कूली शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

गुजरात में 89 फीसद और आंध्र प्रदेश में 98 फीसद लड़कियों के अभिभावकों की नजर में लड़कियों की शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण है, जबकि बिहार में 76 फीसद और हरियाणा में 75 फीसद अभिभावक लड़कियों की शिक्षा को जरूरी मानते हैं। लड़कियों की शादी (66 फीसद), घरेलू काम (65 फीसद) और शिक्षा की लागत (62 फीसद) मुख्य कारण हैं, जिससे लड़कियों की पढ़ाई बीच में छूटती है।

इसके अलावा, किसी के प्यार में पड़ना, छोटे भाई बहनों की देखभाल और असुरक्षा का भाव भी पढ़ाई बीच में छूटने का कारण है। शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं के बारे में चार राज्यों में 40 फीसद अभिभावक इन योजनाओं के बारे में नहीं जानते। दस में से नौ अभिभावक आंध्र प्रदेश और हरियाणा से हैं।

क्राइ की सीईओ पूजा मारवाह ने सर्वे रिपोर्ट के बाद बताया कि प्रोत्साहन योजनाओं की उपयोगिता बढ़ाने के लिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि इन्हें समय पर लागू किया जाए। सुरक्षित परिवहन सुविधाएं, आरटीई को लागू कराना, सामाजिक व्यवहार में बदलाव और लड़कियों की स्थिति में सुधार करने और क्रैच सुविधाओं को बढ़ाकर लड़कियों को उनकी शिक्षा आगे जारी रखने में मदद मिल सकती है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.