टोक्यो ओलिंपिक खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के युवाओं के लिए क्या खास बातें कहीं, जानिए
दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। पदक विजेता रवि दहिया को दो करोड़ की सम्मान राशि के साथ दिल्ली सरकार के खेल विभाग में सहायक निदेशक पद पर नियुक्ति भी दी गई।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। टोक्यो ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले और पदक दिलाने वाले दिल्ली के छह खिलाड़ियों को दिल्ली सरकार ने बृहस्पतिवार को सम्मानित किया। दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। पदक विजेता रवि दहिया को दो करोड़ की सम्मान राशि के साथ दिल्ली सरकार के खेल विभाग में सहायक निदेशक पद पर नियुक्ति भी दी गई।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने खेल विश्वविद्यालय बनाया है, जो बच्चों को डिग्री देने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी भी बनाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सरकार की ओर से रवि दहिया के अलावा शरद कुमार को ऊंची कूद में कांस्य पदक जीतने के लिए एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं, सिमरन को 10 लाख रुपये, कशिश लाकरा को 10 लाख रुपये, सार्थक भाम्बरी और आमोद जैकब को पांच-पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक दिया।
सम्मान समारोह में अरविंद केजरीवाल ने खिलाड़ियों से कहा, ओलिंपिक में हिस्सा लेने के बाद जिम्मेदारी बढ़ जाती है। अब अपने खेल के साथ देश और दिल्ली के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए तैयार करना होगा। जिस तरह आप आगे बढ़े और खूब संघर्ष किया, उसी तरह दूसरे बच्चों को भी तैयार करें। एक खिलाड़ी दस बच्चों को तैयार कर ले और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल लेकर आए तो भारत खेल में और आगे निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले कुछ वर्षो में खेल को बढ़ाने के लिए प्रयास किया है।