Delhi Unlock 2021 Update: सोमवार से मिल सकती है साप्ताहिक बाजार खोलने की अनुमति, दिल्ली सरकार कर सकती है एलान
Delhi Unlock 2021 Update अनलॉक के अगले चरण में सोमवार से सभी साप्ताहिक बाजारों को संचालित करने की अनुमति मिल सकती है। साप्ताहिक बाजार संगठन काफी समय से डीडीएमए और दिल्ली सरकार से सभी बाजारों को खोलने की इजाजत देने की मांग कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। कोरोना वायरस संक्रमण में तेजी से गिरावट दर्ज किए जाने के बाद दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने तकरीबन हर चीज को खोलने की अनुमति दे दी है। छूट देने की कड़ी में माना जा रहा है कि अनलॉक के अगले चरण में सोमवार से सभी साप्ताहिक बाजारों को संचालित करने की अनुमति मिल सकती है। साप्ताहिक बाजार संगठन काफी समय से डीडीएमए और दिल्ली सरकार से सभी बाजारों को खोलने की इजाजत देने की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बाबत आदेश जल्द ही जारी हो सकता है। इसके साथ सभी साप्ताहिक बाजारों को लगाने की अनुमति आम आम आदमी पार्टी दे सकती है।
ये हो सकती है गाइडलाइन
- सभी को मास्क लगाना होगा
- सिर्फ चयनित जगहों पर बाजार लगाए जा सकेंगे।
- जिन्हें अनुमति मिलेगी वही बाजार लगाएंगे, अवैध तरीके से बाजार में दुकान नहीं लगाई जा सकेगी।
- यह दुकानदारी की जिम्मेदारी होगी कि वह उपभोक्ता को मास्क लगाने के लिए बाध्य करे।
- स्थानीय अधिकारी और पुलिसकर्मी सादी वर्दी में बाजार पर नजर रखेंगे।
- सिर्फ 50 फीसद क्षमता के साथ साप्ताहिक बाजार खोले जा सकते हैं।
- साप्ताहिक बाजारों को नजदीक के मैदान के अलावा, खुले प्रांगण में ही लगाए जा सकते हैं।
- बाजारों में सभी दुकानदार सैनिटाइजर रखेंगे।
- दुकानदार फेस मास्क का प्रयोग करेंगे
- दो स्टाल के बीच छह फीट की दूरी रहेगी।
- साप्ताहिक बाजार में थूक फेंकने की मनाही होगी।
- बाजार में अत्यधिक भीड़ नहीं लगना चाहिए।
- साप्ताहिक बाजार को एक हफ्ते के लिए शाम चार बजे से रात 10 बजे के बीच खोलने की अनुमति दी जाएगी।
- जिन इलाकों में ज्यादा कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं, वहां साप्ताहिक बाजार की अनुमति नहीं मिलेगी।
गौरतलब है कि एमसीडी- एनडीएमसी के हर जोन में एक दिन में केवल एक ही साप्ताहिक बाजार चलाने को भी मंजूरी है। सड़क किनारे बाजार लगाने की इजाजत नहीं है।
साप्ताहिक बाजार खोलने की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
एक दिन पहले साप्ताहिक बाजार खोलने की अनुमति देने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के नजदीक प्रदर्शन किया। उनके साथ काफी संख्या में साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने वाले लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारी चंदगी राम अखाड़े से नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि जब दिल्ली में शराब की दुकानें और माल खुल सकते हैं तो इन बाजारों में दुकान लगाकर भरण पोषण करने वालों को अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्कूल और पार्कों में साप्ताहिक बाजार लगाने की बात करते थे। उन्हें अपना वादा पूरा करना चाहिए। कोरोना के मामले बढ़ने पर 27 सौ साप्ताहिक बाजारों को बंद कर दिया गया था। अब कोरोना संक्रमण के मामले कम हो गए हैं। सभी आर्थिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं इसलिए इन्हें भी खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। इन बाजारों में कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी हैं और काम धंधा बंद हो जाने से उनकी परेशानी बढ़ गई है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में साप्ताहिक बाजारों को बंद कर अरविंद केजरीवाल सरकार छोटे व्यापारियों के साथ अन्याय कर रही है। भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। मेट्रो, दिल्ली परिवहन निगम की बसें चल रही हैं। विधानसभा सत्र भी आयोजित हुआ। यहां तक कि शराब के ठेके भी खोल दिए गए हैं जहां भीड़ लग रह है। उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट से जूझ रहे दिल्ली के पांच लाख दुकानदारों को नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा दस-दस हजार रुपयेकी आर्थिक सहायता दी जा रही है। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल सरकार साप्ताहिक बाजार को न खोलकर लोगों के सामने रोजी रोटी की समस्या पैदा कर रहे हैं।