Delhi weather Update: दिल्ली-NCR में मानसून ने लिया ब्रेक, एक सप्ताह तक उमस करेगी परेशान
Delhi weather Update मौसम विभाग के अनुसार सिस्टम राजधानी के पास आते आते कमजोर पड़ गया। इसकी वजह से बारिश नहीं हुई। इसके चलते जहां तापमान में इजाफा हुआ है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Monsoon Update for Delhi and NCR: मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली में अब मानसून ने ब्रेक ले लिया है। अब अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि बीच-बीच में बादल छाएंगे जरूरी, लेकिन ज्यादा बरसेंगे नहीं। दूसरी तरफ राजधानी में सामान्य से कम बारिश होने का असर मौसम पर भी दिखाई पड़ने लगा है। कम बारिश के कारण तापमान में इजाफा होने लगा है।
बुधवार और बृहस्पतिवार को भी दिल्ली में मध्यम स्तर की बरसात का अनुमान जताया गया था, लेकिन दोनों ही दिन कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होकर रह गई। मौसम विभाग के अनुसार सिस्टम राजधानी के पास आते आते कमजोर पड़ गया। इसकी वजह से बारिश नहीं हुई। इसके चलते जहां तापमान में इजाफा हुआ है वहीं मौसम में मौजूद नमी के चलते भारी उमस बनी हुई है। दिन भर लोग पसीना पोंछते दिखाई पड़े।
अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा, बीच बीच में हो सकती हल्की बारिश
बुधवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री तक पहुंच गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। गर्मी और उमस की वजह से अब कूलर बेअसर साबित हो रहा है। एसी में ही थोड़ी बहुत राहत मिल पाती है। हवा में नमी का स्तर 63 से 91 फीसद तक रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
नमी भरी पूर्वी हवाओं से सुधरा वायु गुणवत्ता का स्तर, नहीं दिखा धुंधलका
वहीं, नमी भरी पूर्वी हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 95 रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है।
दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक