यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Weather Update Today: दिल्ली को उमस भरी गर्मी से आज मिलेगी राहत, कई इलाकों में होगी हल्की बारिश
मौसम विभाग का मानना है कि बुधवार को बादल छाए रहेंगे। देर शाम कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो ...और पढ़ें

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। वर्षा का दौर थमते ही राजधानी में उमस भरी गर्मी खासी परेशानी का सबब बन रही है। मंगलवार को भी पसीने से दिल्ली वासियों का हाल बेहाल रहा। अधिकतम तापमान भी 37 डिग्री के समीप पहुंच गया। मौसम विभाग की माने तो उमस भरी गर्मी में अभी कमी आने के आसार नहीं हैं। मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 36.7 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 85 से 56 प्रतिशत दर्ज किया गया।
अगले सप्ताह गर्मी कुछ कम हो सकती है
पीतमपु्रा में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और नजफगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि बुधवार को बादल छाए रहेंगे। देर शाम कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। बृहस्पतिवार से फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ कमी आ सकती है। बुधवार को दिल्ली में हवा की गति 10 से 20 किमी प्रतिघंटा और बृहस्पतिवार को 10 से 12 किमी प्रतिघंटा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले सप्ताह गर्मी कुछ कम हो सकती है।
संतोषजनक श्रेणी में दिल्ली की हवा
मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 92 रहा। इस स्तर की हवा को "संतोषजनक" श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का यही स्तर बना रहेगा।
