Weather update Delhi NCR : झमाझम बरसे बदरा, जानिए कैसा रहेगा पूरे सप्ताह मौसम का हाल
मौसम विभाग का कहना है कि अभी दिल्ली का मौसम कमोबेश ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी इसी रेंज में रहेंगे।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। मानसून की झमाझम बारिश ने रविवार को उमस भरी गर्मी से खासी राहत दिलाई। दोपहर बाद बारिश का जो दौर शुरू हुआ, वो देर शाम तक रूक रूककर जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक इस पूरे हफ्ते ही बारिश और राहत का यह दौर जारी रहने की संभावना है।
सुबह से छाए रहे बादल, चलती रही सूरज की लुकाछिपी
रविवार को सुबह से ही बादल छाए हुए थे और सूरज के साथ लुकाछिपी खेल रहे थे। हालांकि उमस भी काफी थी। दोपहर बाद मौसम बदला और विभिन्न इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया। अनेक इलाकों में हल्की बारिश हुई तो कई जगह झमाझम। इस बारिश ने गर्मी से कुछ राहत जरूर दिलाई।
60 से 95 फीसद रहा नमी का स्तर
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 60 से 95 फीसद रहा। बारिश शाम साढ़े 5 बजे तक सफदरजंग में 0.6 मि.मी. और लोधी रोड पर 0.4 मि.मी. हुई। रिज एरिया में सर्वाधिक 22.6 मि.मी. बारिश रिकॉर्ड हुई।
सोमवार को भी छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग का कहना है कि अभी दिल्ली का मौसम कमोबेश ऐसा ही बना रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी इसी रेंज में रहेंगे। सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 और 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मानसून ट्रफ वापस दिल्ली के आसपास आ गया
उधर स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि मानसून ट्रफ अब वापस दिल्ली के आसपास आ गया है। बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवा भी दिल्ली पहुंचने लगी हैं। इससे इसे पूरे सप्ताह ही कभी हल्की तो कभी झमाझम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।