Weather Update: दिल्ली में पारा 41 डिग्री पार, तीन दिन और राहत के नहीं आसार, जानें कब होगी बारिश
Weather Update स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार इस सप्ताह के आखिर तक बारिश की संभावना नहीं है। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर बनी हुई है। गर्म हवाओं के कारण इस समय स्थिति लू वाली बनी हुई है हालांकि जल्द तीन दिनों तक बारिश होगी।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। Weather Update : जेठ माह की तपती दोपहर अब दिल्लीवासियों की हालत खराब करने लगी है। तेज धूप व सूरज के तल्ख तेवरों के बीच घर या दफ्तर से बाहर निकलना खासा मुश्किल हो रहा है। ट्रैफिक सिग्नल पर कुछ देर के लिए रूकना भी बहुत कष्टप्रद महसूस होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी तीन दिन और ऐसी ही गर्मी बरकरार रहेगी। इसके बाद ही शनिवार से मौसम के करवट लेने के आसार हैं और तीन दिनों तक बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.7 और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूरज की तेज तपिश के कारण दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भी अधिकतम तापमान 40 के पार दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, लोदी रोड में 41.8, आया नगर में 41.5, मुंगेशपुर में 42 और पीतमपुरा में सबसे अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार इस सप्ताह के आखिर तक बारिश की संभावना नहीं है। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर बनी हुई है। गर्म हवाओं के कारण इस समय स्थिति लू वाली बनी हुई है, हालांकि इसे लू नहीं कहा जा सकता है। लू की घोषणा तब की जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जाता है। पलावत के मुताबिक शनिवार से दिल्ली-एनसीआर का मौसम करवट लेगा। तीन दिनों तक बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम साफ रहने के साथ हवाएं चल सकती हैं जिनकी गति 20 से 25 किमी प्रतिघंटा रहेगी।