मौसम ने ली करवट, बारिश से जाम हुई दिल्ली, थम गए एनसीआर के कई इलाके
शनिवार की शाम फुहारों से शुरू होने वाली बारिश रात होते-होते लोगों के लिए समस्या बन गई। कई जगह जाम तो कई जगह जलजमाव से लोगों को घर लौटने में काफी परेशानी हुई।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली और बारिश हुई। शनिवार की शाम फुहारों से शुरू होने वाली बारिश रात होते-होते लोगों के लिए समस्या बन गई। दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में भीषण बारिश से जाम और जलजमाव की समस्या हो गई। रात होते कई जगह वाहन पानी में फंस गए तो कई जगह लोगों को घर लौटने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इधर मौसम विभाग के ताजा अपडेट के हिसाब से गाजियाबाद, फरीदाबाद, बागपत, बल्लभगढ़ और पलवल में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। यहां आंधी के साथ हल्की बारिश अगले दो घंटे में हो सकती है। वहीं हल्की बारिश के लिए भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट नारनौल, भिवानी, चरखीदादरी, झज्जर और पूरी दिल्ली के लिए है। इधर बारिश से नोएडा अछूता रहा। यहां हल्की बूंदाबांदी होकर खत्म हो गई।
इधर, गुरुग्राम में तेज हवा के साथ आई बारिश से शनिवार शाम को मौसम बदल गया। करीब साढ़े पांच बजे के बाद आसमान काली घटाओं से घिर गया और तेज हवा चलने लगी। बादल होने से अंधेरा छा गया, इसके कारण वाहन चालकों को वाहनों की लाइटें जलानी पड़ी। करीब दो घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही।
मौसम हुआ सुहाना
बारिश होने व ठंडी हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया। कुछ इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं शहर की कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहन रेंगते हुए नजर आए। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर होंडा चौक से लेकर नरङ्क्षसहपुर गांव तक सर्विस लेन पर पानी भर गया। शनिवार को अधिकतर कंपनियों में अवकाश रहता है इसके चलते यातायात का दबाव नहीं रहता है। वाहन अधिक होते तो जाम लगने की संभावना थी। फिर भी एक्सप्रेस-वे पर कई जगह पानी भरने से वाहनों की रफ्तार कम हो गई। शीतला माता तथा दिल्ली रोड पर भी कई जगह जलभराव होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई।
कई वाहन चालकों को हुई परेशानी
पानी जाने से लोगों की मोटरसाइकिल व स्कूटी बंद हो गई। सिरहौल चौक के पास जलभराव में दो कार बंद हो गई, जिसके चलते जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने धक्का देकर वाहन किनारे किए। गोल्फ कोर्स रोड पर भी कई जगह जलभराव देखने को मिला। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सात सितंबर तक बारिश का मौसम रहने का अनुमान है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो