दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम, 2 दिनों की गर्मी के बाद हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार से मौसम और गर्म हो सकता है। बृहस्पतिवार को मौसम फिर करवट ले सकता है। बारिश भी हो सकती है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। मंगलवार को दिल्लीवासी खासी गर्मी का अनुभव कर सकते हैं। पाकिस्तानी पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में 31 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी अधिक ही रहेगा।
सोमवार को मिश्रित सा मौसम रहा। उत्तरी पश्चिमी हवा का असर नहीं के बराबर देखने को मिला। सुबह-शाम के समय भी ठंडक ज्यादा नहीं थी।
सोमवार को अधिकतम तापमान में इजाफा भी दर्ज किया गया। अधिकतम पारा जहां सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.7 डिग्री रहा वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री 11.0 डिग्री दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 90 और न्यूनतम 32 फीसद रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें: किचन को राहतः दामों में 50 फीसद से भी अधिक की कमी से ढीले पड़े दाल के तेवर
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार से मौसम और गर्म हो सकता है। उत्तरी पाकिस्तान की तरफ से पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इसके प्रभाव से अगले दो तीन दिन तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। जहां तक मंगलवार का अनुमान है तो आसमान साफ रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम पारा क्रमश: 31 और 13 डिग्री रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को मौसम फिर करवट ले सकता है। बारिश भी हो सकती है।