रविवार तक मौसम रहेगा मेहरबान, गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में बदलाव रविवार तक जारी रहेगा। बृहस्पतिवार सुबह ज्यादा गर्मी नहीं थी। हवा भी चल रही थी।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। पश्चिमी विक्षोभ के चलते बृहस्पतिवार को भी गर्मी से राहत मिली। सुबह-शाम आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सूरज की तपिश का असर भी कम देखने को मिला। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक मौसम के इसी तरह से बने रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार सुबह ज्यादा गर्मी नहीं थी। हवा भी चल रही थी। दिन चढ़ने के साथ-साथ मौसम साफ हो गया, फिर भी गर्मी के तेवर कड़े नहीं थे। अधिकतम तापमान जहां सामान्य स्तर पर 39 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम (23) दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 64 एवं न्यूनतम 20 फीसद रहा। पिछले 24 घंटे मे 1.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें: मौसम का बदला मिजाज, धूल की चादर में ढकी दिल्ली, कई इलाकों में बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मौसम में यह बदलाव रविवार तक जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर की तरफ बने पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: ...तो ऐसे साफ होगी दिल्ली, पहाड़गंज में सरकारी शौचालय बंद, खुल गई बर्फ की दुकान