Weather Update: दिल्ली-NCR में अब आने वाली है ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश को लेकर जानें IMD का पूर्वानुमान
दिल्ली-NCR में जल्द ही ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग (IMD) ने पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। इसके असर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी तापमान में गिरावट होगी और हवा में ठंडक महसूस होगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी सुबह और रात के समय हल्का कोहरा व स्मॉग देखने को मिल सकता है। जानिए मौसम का पूरा हाल इस रिपोर्ट में।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। फिलहाल भले ही मौसम में गर्माहट बनी हुई हो, लेकिन तीन चार दिन में हल्की ठंड का एहसास हो सकता है। स्काईमेट वेदर के अनुसार एक दो दिन के बाद पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके असर से पहाड़ों पर ऊपर की ओर हल्की वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं।
ऐसा होने के एक दो दिन बाद इसका प्रभाव राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी देखने को मिल सकता है। तापमान में आंशिक गिरावट होगी तो हवा में भी ठंडक महसूस होने की उम्मीद है।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी सुबह और रात के समय हल्का कोहरा व स्मॉग देखने को मिल सकता है। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
तापमान में नहीं हुआ खास बदलाव
उधर दिल्ली में रविवार को भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 31.6 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 96 से 61 दर्ज हुआ।
दिल्ली में दृश्यता
हल्के कोहरे और स्मॉग के कारण दिल्ली में दृश्यता का स्तर भी प्रभावित रहा। हालांकि आईजीआई एयरपोर्ट पर यह एक हजार मीटर से ऊपर ही रहा। वहीं, सफदरजंग पर रात डेढ़ से दो बजे के दौरान 700 मीटर तक दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार आठ से 10 किमी प्रति घंटे तक की रही।
ये भी पढ़ें- REPORT: दिल्ली में मौतों के आंकड़ों ने डराया, संक्रामक बीमारियों ने सबसे ज्यादा छीनी जिंदगियां
सात दिन बाद 350 से नीचे आया एक्यूआई
हवा की रफ्तार में थोड़ा सुधार होने पर रविवार को दिल्ली का एक्यूआई कुछ सुधरा। सात दिनों बाद यह 350 से नीचे आया। इसके बावजूद वायु गुणवत्ता लगातार 12वें दिन भी ''बहुत खराब'' श्रेणी में ही बनी रही। हाल फिलहाल इसमें बदलाव के आसार भी नहीं लग रहे।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 334 रिकॉर्ड किया गया। इस स्तर की हवा को ''बहुत खराब'' श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले यानी शनिवार को यह 352 रहा था।
फिलहाल अभी नहीं सुधरेगी हवा
दिल्ली में भले ही प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार हुआ है, लेकिन लोगों को कुल मिलाकर ''बहुत खराब'' श्रेणी की हवा से राहत मिलने के आसार अभी नहीं है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के बीच हवा की रफ्तार 10 किमी से नीचे रहेगी। एक्यूआई ''बहुत खराब'' श्रेणी में ही रहेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।