जल्द बदलेगा दिल्ली का मौसम, जानें- कब होगी बारिश; कब पारा होगा 38 डिग्री के पार
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। ऐसे में गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Weather Update लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच दिल्ली का मौसम फिर बदलेगा। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटे में तापमान और बढ़ सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली का पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं शुक्रवार को धूल भरी आंधी भी चल सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री कम था। नमी का स्तर 24 से 80 फीसद दर्ज किया गया।
गर्मी बरपाएगी कहर
अगले कुछ दिनों में गर्मी में लगातार इजाफा होने का अनुमान है। यहां तक कि शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान के 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान रात के समय भी गर्मी में इजाफा होगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर सक्रिय होने के चलते शाम को गर्मी से राहत भी मिल सकती है। अनुमान है कि शुक्रवार की शाम को तेज हवाओं के साथ बरसात होगी, जबकि शनिवार को भी तीस किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं।
यहां पर बता दें कि अप्रैल का महीना शुरू होने के साथ ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तीखी धूप और तपन के साथ पारा ऊपर चढ़ने लगा है।
मौसम विभाग ने अप्रैल के दो हफ्तों के दौरान मौसम के मिजाज का आकलन करते हुए जानकारी दी है कि अप्रैल के पहले पखवाड़े में उत्तर पश्चिम व मध्य भारत के मैदानी राज्यों में दिन का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। अप्रैल के पहले हफ्ते में ग्रीष्म लहर चलने के आसार कम हैं। मगर दूसरे हफ्ते में कहीं-कहीं लू का प्रकोप हो सकता है। दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर सामान्य से ज्यादा रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार गर्मी का कहर बढ़ने की आशंका है और तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री तक ज्यादा रहेगा। गर्मी में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार तक जा सकता है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी राज्यों में सबसे ज्यादा गर्मी होगी। राजस्थान और गुजरात में 1.5 डिग्री ज्यादा तापमान होगा। यूपी में भी गर्मी का कहर रहेगा।
इस साल पूरे देश में गर्मी का कहर सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान है। ऐसे में किसानों को अपनी फसल की चिंता सता रही है। कृषि विशेषज्ञ भी मानते हैं कि गेहूं, मक्का और आलू की फसलों को अचानक बढ़ी गर्मी से नुकसान पहुंच सकता है।