घर में हो रही थी कन्या पूजन की तैयारी, उधर छोटे बेटे ने बंद कर ली आंख, परिवार में मातम
सोमवार रात योगेंद्र अमरनाथ की यात्रा से घर लौटे थे। मंगलवार दोपहर उन्हें कन्या पूजन करना था। तभी छोटे बेटे की करंट लगने के कारण मौत हो गई।
लोनी, जेएनएन। बार्डर थाना क्षेत्र की पूर्वी जवाहर नगर कॉलोनी में पंखे का तार लगाते समय करंट लगने से 12वीं के छात्र की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने हादसा मानते हुए पोस्टमार्टम नहीं कराया है। पूर्वी जवाहर नगर कालोनी में योगेंद्र राजपूत परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।
वह काॅलोनी में सैलून चलाते हैं। सोमवार रात योगेंद्र अमरनाथ की यात्रा से घर लौटे थे। मंगलवार दोपहर उन्हें कन्या पूजन करना था। परिवार के लोग इसकी तैयारियों में जुटे थे। तभी उनका छोटा बेटा मोनू (18) कमरे में पंखे का तार लगा रहा था।
अचानक करंट लगने से वह बेहोश हो गया। परिजन घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में मोनू का कालोनी स्थित शमशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय का कहना है कि यदि परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।