पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने कही बड़ी बात- राजनीति करने के बजाय खेल पर अधिक ध्यान देना चाहिए
विनोद कांबली ने कहा कि खिलाड़ी के टैलेंट को कोई नहीं दबा सकता। आज देश में नए खिलाड़ी तेजी से सामने आ रहे हैं।
गुरुग्राम (जेएनएन)। पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने कहा कि खिलाड़ियों को राजनीति करने के बजाय खेल पर अधिक ध्यान देना चाहिए। खेल में राजनीति अच्छी नहीं होती इससे खिलाड़ी के प्रदर्शन पर असर पड़ता है। वे रविवार को गुरुग्राम ताऊ देवीलाल स्टेडियम में एक कार्यक्रम में आए हुए थे। गौतम गंभीर व युवराज सिंह के टीम से बाहर रहने पर कहा कि यह टीम चयनकर्ता ही बता सकते हैं। दोनों अच्छे खिलाड़ी हैं और देश को कई बार अपने बूते पर जीत दिलाई है।
एक सवाल के जवाब में कांबली ने कहा दोनों खिलाड़ियों व टीम कप्तान विराट कोहली के बीच झगड़े से वह अनजान हैं। रैना के प्रदर्शन पर किए गए सवाल के उत्तर में पूर्व क्रिकेटर ने कहा रैना अच्छे खिलाड़ी हैं। उनके रहने से टीम इंडिया को मजबूती मिलती है।
उन्होंने कहा खिलाड़ी के टैलेंट को कोई नहीं दबा सकता। आज देश में नए खिलाड़ी तेजी से सामने आ रहे हैं। जिसके चलते हर एक खिलाड़ी को हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अब एक-दो मैच में खराब प्रदर्शन करने वाले टीम से बाहर हो जाते हैं।