वोटर लिस्ट पर रार : विजय गोयल ने कहा- दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं केजरीवाल
विजय गोयल ने कहा कि पिछले कई महीने से अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी की फोन कर जनता के बीच दुष्प्रचार किया जा रहा है कि भाजपा ने दिल्ली के तीस लाख वोट लिस्ट से कटवा दिए हैं।
दिल्ली, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने आरकेपुरम में जनसभा में वोटर लिस्ट मामले में जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली की केजरीवाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। गोयल ने कहा कि पिछले कई महीने से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी की फोन कर जनता के बीच दुष्प्रचार किया जा रहा है कि भाजपा ने दिल्ली के तीस लाख वोट लिस्ट से कटवा दिए हैं। हम इसको जुड़वा सकते हैं।
ठप हो गया है दिल्ली का विकास
गोयल ने कहा कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा से मुलाकात की तो उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि 30 लाख वोट नहीं कटे हैं, बल्कि 9.66 लाख नए वोट जुड़े हैं। गोयल ने कहा कि केजरीवाल के राज में दिल्ली का विकास ठप हो गया है।
केंद्र की योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं कर रहे
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव ने कहा कि केजरीवाल सरकार के खिलाफ पूरी दिल्ली में ढोल बजाया जाना चाहिए। केजरीवाल ने केंद्र सरकार की बहुत सारी योजनाओं को दिल्ली में लागू न कर दिल्ली की जनता के साथ अन्याय किया है।
नहीं मिल रहा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ
केजरीवाल को डर है कि ये जनहितकारी योजनाएं दिल्ली में भी लागू हो जाएंगी तो जनता भाजपा के साथ हो जाएगी। आयुष्मान भारत योजना लागू न होने से दिल्ली के गरीब लोग पांच लाख तक के मुफ्त इलाज से वंचित हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना लागू न होने से दिल्ली वाले मकानों से वंचित हैं।
दिया नया नारा
ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। सभा में कार्यकर्ताओं ने काली टोपी पहनी हुई थी जिस पर लिखा था केजरीवाल भगाओ, दिल्ली बचाओ। ढोल बजाकर लोगों को चेतावनी दी गई कि केजरीवाल सरकार, विकास नहीं विनाश कर रही है। इस दौरान नई दिल्ली जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, निगम पार्षद मनीष अग्रवाल, भगत टोकस, तुलसी जोशी आदि मौजूद रहे।