Delhi Metro News: कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर पानी भरने का वीडियो वायरल, तस्वीरें भी आईं सामने
Delhi Metro News कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के अंदर भी जल भराव होने की बात सामने आई है। यह घटना बुधवार की है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियों में स्टेशन के टोकन एरिया से लेकर सीढ़ियों तक पानी भरा दिख रहा है।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। बारिश होने पर दिल्ली की सड़कों पर जलभराव आम बात हो गई है। कुछ देर की बारिश में भी सड़कों पर पानी भर जाता है। अब कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के अंदर भी जल भराव होने की बात सामने आई है। यह घटना बुधवार की है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियों में स्टेशन के टोकन एरिया से लेकर सीढ़ियों तक पानी भरा दिख रहा है। इस वजह से स्टेशन से यात्रियों का आवगमन भी बंद हो गया। यात्री सीढ़ियों पर खडे़ नजर आ रहे हैं।
यहां पर बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल निगम के ट्विटर हैंडल पर एक यात्री द्वारा शिकायत किए जाने पर दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने घटना पर अफसोस जाहिर किया और कहा कि समस्या दूर कर ली गई है। इस बीच यहां पर पानी भरने की तस्वीरें भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हैं और लोग इन्हें विभिन्न इंटरनेट मीडिया पर जमकर शेयर कर रहे हैं।
इससे पहले मंगलवार और बुधवार को राजधानी दिल्ली की सुबह राहत देने वाली फुहारों के साथ हुई। पर्दो का पहरा नहीं था और बहुत दिनों बाद ठंडी हवाओं से खिड़कियों की मुलाकात हुई। सुबह से लोग छतों पर मानसून के स्वागत के लिए पहुंच गए थे। गीली मिट्टी की खुशबू में आज कुछ सूखे पौधे भी महक गए थे। आखिर मानसून की पहली बारिश जो थी, हर दिल स्वागत कैसे न करता। अपने-अपने तरीकों से सौंदर्य की इबादत कैसे न करता। पहली नजर में तो लोगों को यह मौसम का छलावा ही लगा फिर बूंद दर बूंद विश्वास नम होता गया। उन्हें पता चल गया कि ये बादल गरजने नहीं बरसने आए हैं। धूप के साथ मिले हुए नहीं हैं बल्कि भिगोने आए हैं। भले ही दोपहर तक बूंदाबांदी होती रही, लेकिन लोगों में दिनभर मौसम की खुमारी रही। खबर लिखे जाने तक बारिश बंद थी लेकिन गहरे रंग के हुए बादलों से बेहिसाब राहत थी।
जाम में फंसे रहे लोग, आफिस पहुंचने में हुई देरी
बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं जलभराव की वजह से लोग परेशान भी हुए। पुरानी दिल्ली के सदर और अजमेरी गेट में जगह-जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया। कई सड़कें कीचड़युक्त हो गईं, जिसके चलते लोगों को पैदल आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा लोग घंटों में जाम में फंसे रहे, जिसके कारण उन्हें आफिस पहुंचने में देरी हुई। बारिश के कारण यातायात की रफ्तार भी थम गई।
लोगों को जाम में फंसना पड़ा
आइटीओ चौराहा, मथुरा रोड, विकास मार्ग, आजादपुर, दिल्ली कैंट, मिंटो रोड, मुनि मायाराम जैन मार्ग, कश्मीरी गेट, केएन काटजू मार्ग पीतमपुरा और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग सहित कई इलाकों में जाम लग गया। आइटीओ चौक और रिंग रोड पर वाहनों की कतारें लगी रहीं।
यह भी पढ़ेंः घर पर बनाइए आम की बर्फी और केक, बाकी मिठाइयों का स्वाद भूल जाएंगे, जानें विधि