देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा, 28 लड़कियां कराई गईं मुक्त, पांच दलाल गिरफ्तार
यहां से दो लड़कियां ने भागकर दिल्ली के गीता कॉलोनी में एक दंपत्ति से पूरी कहानी बताई। उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद देह व्यापार के इस बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है।
नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम के न्याय खंड 2 की सृजन विहार सोसायटी के दो फ्लैट से पुलिस ने 28 लड़कियों को बरामद किया है। इसके अलावा रैकेट का शिकार हुईं दो और लड़कियां भी बरामद हुई हैं, जिनकी बहादुरी से ये सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर इन लड़कियों को नेपाल, असम और सिलीगुड़ी से लाया गया था। दिल्ली पुलिस व यूपी पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार रैकेट का खुलासा करते हुए कुल 30 लड़कियों को बरामद कर पांच दलालों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि लड़कियों को नेपाल से नौकरी के बहाने भारत लाया जाता है। इसके बाद उन्हें यहां पर बंधक बनाकर खाड़ी देशों में तस्करी कर भेजा जाता था। सोमवार को बरामद की गईं 30 लड़कियों को भी इसी मकसद से इंदिरापुरम की सृजन विहार सोसायटी के फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने दो फ्लैट से 28 लड़कियों को बरामद किया था। इसके अलावा दो वो लड़कियां भी शामिल हैं, जिन्होंने यहां से भागकर दिल्ली में मदद मांगी थी। उन्ही की बहादुरी और समझदारी से इस पूरे रैकेट का खुलासा हुआ था।
दरअसल, दोनों युवतियां यहां से भागकर, रविवार को दिल्ली की गीता कॉलोनी में रहने वाली एक रिश्तेदार के यहां पहुंचीं और आपबीती सुनाईं। रिश्तेदार ने एक दंपती को पूरी घटना बताई। दंपती ने दिल्ली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने इंदिरापुरम पुलिस को साथ लेकर छापा मारा और बंधक शेष 28 युवतियों को मुक्त करा लिया। मौके से पुलिस ने नेपाल मूल के रोमियो जोशी, ध्रुवा पांडेय, विक्रम बहादुर, ज्ञानेंद्र गिरी और केदारनाथ को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी काठमांडु नेपाल निवासी केदारनाथ ने पुलिस को बताया है कि नेपाल का एजेंट उसके पास युवतियों को भेजता था और भारत से युवतियों को खाड़ी देशों में तस्करी कर भेजा जाता था। उसने इंदिरापुरम में दोनों फ्लैटों को किराए पर लिया था। फ्लैट में युवतियों को रखने के लिए उसे प्रति युवती पांच हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने एनजीओ बचपन बचाओ को युवतियों की काउंसलिंग के लिए बुलाया है।
मामले में एसएसपी गाजियाबाद वैभव कृष्ण ने बताया कि 28 लड़कियों को दो फ्लैटों से बरामद किया गया है। सभी लड़कियां मानव तस्करी के लिए लाई गई थीं। मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।