UP में मानव तस्करी का एक और सनसनीखेज मामला, अब सात युवती व दो युवक छुड़ाए गए
गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा। दो दिन में तीन फ्लैट से 37 लड़कियां और दो लड़के बरामद। पांच आरोपी गिरफ्तार। खाड़ी देशों में बेचा जाना था।
गाजियाबाद, जेएनएन। दिल्ली से सटे यूपी के शहर गाजियाबाद में मंगलवार को भी मानव तस्करी का एक और मामला सामने आया है। मंगलवार को भी गाजियाबाद पुलिस ने इंदिरापुरम क्षेत्र के ज्ञान खंड स्थित एक घर से सात युवतियों और दो युवकों को मुक्त कराया है। इनसे पूछताछ के बाद एसएसपी गाजियाबाद वैभव कृष्ण सोमवार और मंगलवार को सामने आए मानव तस्करी के पूरे मामले की जानकारी मीडियो को देंगे।
इससे पहले सोमवार को भी पुलिस ने इंदिरापुरम की एक सोसायटी के दो फ्लैट से 28 लड़कियों को बरामद किया था। इसी रैकेट द्वारा बंधक बनी गई दो लड़कियों ने यहां से भागकर दिल्ली में पुलिस से मदद ली थी। उनकी मदद से ही पुलिस ने इस रैकेट का खुलासा किया था। इस तरह से सोमवार को बरामद होने वाली लड़कियों की संख्या 30 थी। सोमवार व मंगलवार को लगातार गाजियाबाद पुलिस तीन घरों से 37 लड़कियों को बरामद कर चुकी है।
गाजियाबाद में दो दिन में मानव तस्करी के दो बड़े मामले सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस भी क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर हो रही मानव तस्करी के खुलासे से हैरान है। पूरे मामले में प्रदेश स्तर के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को बरामद की गई युवतियां व दोनों युवक भी सोमवार को पकड़े गए रैकेट के गुर्गों द्वारा ही बंधक बनाकर रखे गए थे।
फिलहाल पुलिस अधिकारी बरामद युवतियों और दोनों युवकों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार बरामद दोनों युवकों में से एक पूर्व में सऊदी अरब में वेटर का काम कर चुका है। उसे अब पुर्तगाल जाना था। ये गिरोह उसे फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विदेश भेजने की फिराक में था। सोमवार को बरामद युवतियों की तरह ही इन सात युवतियों को भी दोनों युवकों के साथ एक घर में बंधक बनाकर दयनीय स्थिति में रखा गया था।
पुलिस के अनुसार सोमवार को बरामद की गई सभी युवतियां नेपाल की रहने वाली हैं। मंगलवार को बरामद युवतियां भी नेपाल की प्रतीत हो रही हैं। उनसे पूछताछ कर उनके द्वारा दी जाने वाली जानकारी का सत्यापन करने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे हुआ खुलासा
इंदिरापुरम पुलिस ने न्याय खंड 3 स्थित प्लॉट नंबर 23 से सात और लड़कियों को बरामद किया है। सोमवार को 30 लड़कियां बरामद करने के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपी रोमियो जोशी के फ्लैट से इन सात लड़कियां और दो युवकों को बरामद किया गया हैं। यह फ्लैट मकनपुर निवासी संदीप त्यागी का है। रोमियो के गिरफ्तार होने के बाद संदीप त्यागी ने फ्लैट में जाकर देखा तो वहां पर लड़कियां मिली। उन्होंने इसकी सूचना इंदिरापुरम पुलिस को दी। इसके बाद इंदिरापुरम पुलिस ने मौके से सभी 7 लड़कियों को बरामद कर लिया।