यूपी के बाद अब दिल्ली में बड़ा हादसा, द्वारका में बिल्डिंग की छत गिरने से दो की मौत
यूपी के ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में इमारत गिरने का मामला सामने आया है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में भी इमारत गिरने का मामला सामने आया है, जिसमें दो लोगों की मौत होने की सूचना है। द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र के हरि विहार में एक तीस वर्ष पुरानी इमारत की छत ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई वहीं, तीन लोग घायल हो गए। मृतक में पति पत्नी सुुनील व रचना शामिल हैं। इनके तीन बच्चे वैभव, गुंजन व गुलशन इस हादसे में घायल हो गए। मौके पर पहुंची जिला अापदा प्राधिकरण की टीम ने मलबा हटाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सुनील अपने परिवार के साथ हरि विहार के मकान नंबर आरजेड-92 में रहते थे। यह मकान इन्होंने बीस वर्ष पूर्व लिया था। पचास गज में बने इस मकान की छत कमजोर हो गई थी। इसको देखते हुए पिछले वर्ष सुनील ने इसे ठीक भी कराया था।
रविवार को सुनील अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदार की तेरहवीं में गए थे। इनके तीनों बच्चे घर पर ही थे। रात करीब दस बजे वे घर लौटे। 11 बजे खाना खाकर सभी सो गए। सुनील व रचना के पास उनकी बेटी गुंजन सोई हुई थी वहीं वैभव व गुलशन कमरे में रखे खटिए पर सोये हुए थे। रात करीब एक बजे मकान की छत भरभराकर गिर गई। गुंजन अपने माता-पिता के बीच में सोई थी इस कारण उसे ज्यादा चोट नहीं आई। छत का मलबा पति-पत्नी पर आकर गिरा। छत के गिरते ही आसपास के लोग मकान की तरफ दौड़े और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
इस हादसे में वैभव व गुलशन को भी ज्यादा चोटें नहीं आई। पुलिस ने सभी को हरि नगर स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया जहां सुनीत व रचना को मृत घोषित कर दिया गया। तीनों बच्चों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अभी तीनों बच्चे अपने पड़ोसी के घर पर हैं। अभी बच्चों को यह मालूम नहीं हुआ है कि इनके माता-पिता की इस हादसे में मौत हो गई। सुनील नांगलोई स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। वह उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले थे।
गौरतलब है कि इससे पहले 17 जुलाई की रात ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में भी इसी तरह दो इमारतें ढह गई थीं, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी। 24 घंटे पहले ही 22 जुलाई (रविवार) को गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र के मिशलगढ़ी में एक निर्माणाधीन 5 मंजिला इमारत गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल हैं।