विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Crime: महरौली में मुठभेड़ के बाद दो बदमाश गिरफ्तार, एक साथी हुआ फरार

By Rajneesh Kumar PandeyEdited By: Prateek Kumar
Published: Sun, 06 Nov 2022 09:36 PM (IST)

टीमों ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के अलावा वहां के लोकेशन की सीडीआर निकाली। ...और पढ़ें

मोबाइल फोन व सोने की चेन लूट के बाद तमंचे की बट मारकर फरार हो गए थे बदमाश।
मोबाइल फोन व सोने की चेन लूट के बाद तमंचे की बट मारकर फरार हो गए थे बदमाश।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिणी जिले के एएटीएस, शैडो स्टाफ व थानों की संयुक्त टीम ने महरौली इलाके के जंगलों में मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आशिक उर्फ सलाउद्दीन उर्फ राजा बंगाली और इश्तियाक अहमद उर्फ साहिल के रूप में हुई है। वहीं, आरोपितों का तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस को इनके पास से दो तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल फोन व बाइक बरामद की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित आशिक पर 16 और इश्तियाक पर आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

डकैती और फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई 

पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि शनिवार को साकेत थाना पुलिस को गन प्वाइंट पर डकैती और फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। मौके पर पुलिस को शिकायतकर्ता मिला। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर जा रहा था। इसी दौरान उसके फोन पर किसी का काल आया तो वह एमबी रोड पर चिल्ड्रेन पार्क लाडो सराय के पास स्कूटी रोक कर फोन पर बात करने लगा। तभी पीछे से आए दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल फोन व सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर फरार हो गए।

स्पेशल टीम बना कर शुरू की छानबीन 

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपितों को पकड़ने के लिए मेहरौली के एसएचओ इंस्पेक्टर पीसी यादव व शैडो स्टाफ के इंचार्ज धीरज मेहलावत के नेतृत्व में एएटीएस इंस्पेक्टर उमेश यादव, साकेत थाने के एसएसओ इंस्पेक्टर सुबोध मलिक, एसआइ संदीप, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार, कमल प्रकाश, जोगिंदर, नरेंद्र, दिनेश और कांस्टेबल मतादीन की तीन टीमें बनाई गईं।

जंगल की तलाशी में मिली सफलता 

टीमों ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के अलावा वहां के लोकेशन की सीडीआर निकाली। जांच के दौरान टीम को दोनों आरोपितों की लोकेशन महरौली में दादा बारी जैन मंदिर के पास जंगल में मिली। तुरंत जिले की एएटीएस, शैडो स्टाफ व महरौली और साकेत थाने की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने जंगलों की तलाशी शुरू की। देर रात करीब 2:20 बजे जंगल में कुछ हलचल नजर आई। पुलिस आरोपितों के पास पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की और पीछा कर दो बदमाशों को दबोच लिया। जबकि एक आरोपित वहां से भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपितों में आशिक और इश्तियाक के रूप में हुई है।