ससुर ने बहू का बनाया 'गंदा' वीडियो, एतराज किया तो पति ने दे दिया तलाक
महिला का आरोप है कि वह बाथरूम में नहा रही थी तभी उसके ससुर ने छिपकर उसका वीडियो बना लिया। फिर वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाने के लिए कहने लगा।
नई दिल्ली, अरविंद कुमार द्विवेदी]। एक ससुर ने बहू से छेड़छाड़ की। बाथरूम में नहाते समय उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो पति व घर के अन्य सदस्य उसे प्रताड़ित करने लगे। सिजेरियन ऑपरेशन के बाद टांके भी नहीं कटे थे कि उसे बीमार हालत में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ (ससुराल) से संगम विहार (मायके) भिजवा दिया। बुधवार को पति ने फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। इस पर पीड़िता ने संगम विहार थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वूमेन सेल के एसीपी ने बताया कि ससुराल पक्ष को जल्द नोटिस भेजकर बुलाया जाएगा। पुलिस कानून सम्मत कार्रवाई करेगी।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला (22) ने कहा कि 10 सितंबर 2017 को उसका निकाह अलीगढ़ के मौलाना आजाद नगर निवासी युवक (23) से हुआ था। एक दिन वह घर में खाना बना रही थी। अकेला पाकर ससुर रसोई में घुस आया छेड़छाड़ करने लगा।
महिला ने विरोध किया तो ससुर व अन्य लोगों ने उसकी पिटाई की। 7 नवंबर 2018 को ससुराल वालों ने लिक्विड मॉर्टिन (मच्छर मारने की दवा) पिलाकर उसे व गर्भ में पल रहे बच्चे को मारने का प्रयास किया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो ससुराल वालों ने मौखिक समझौता कर लिया। 23 दिसंबर 2018 को पीड़िता के कपड़ों में आग लगा दी गई, लेकिन वह किसी तरह बच गई। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई थी।
ससुर ने बनाया वीडियो
महिला का आरोप है कि 23 दिसंबर 2018 को वह बाथरूम में नहा रही थी, तभी उसके ससुर ने छिपकर उसका वीडियो बना लिया। फिर वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर संबंध बनाने को कहने लगा। इस साल 21 फरवरी को पीड़िता ने सिजेरियन ऑपरेशन से एक बच्चे को जन्म दिया, जिसका खर्च पीड़िता के पिता ने उठाया। उसके टांके भी नहीं कटे थे कि पांच मार्च को ससुराल वालों ने उसे एक रिश्तेदार के साथ दिल्ली भेज दिया। पिता ने सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज कराया। तीन अप्रैल की रात 10 बजे पति का फोन आया तो महिला यह सोचकर खुश हो गई कि शायद वह उसे ले जाएगा। लेकिन पति ने कहा कि वह उसे अब नहीं रख सकता, इसलिए उसने तीन बार तलाक, तलाक, तलाक बोलकर फोन काट दिया।