यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के विकास के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी: पीयूष गोयल
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यकारणी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ...और पढ़ें

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर निगम चुनाव की तैयारी करने का आह्वान किया। वह नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्यकारणी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जमीन पर कार्यकर्ताओं को काम करना होगा। नरेन्द्र मोदी सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने की जरूरत है। आपसी एकजुटता और उत्साह के साथ कार्यकर्ता काम करेंगे तो निश्चित रूप से जीत मिलेगी।
सभी के टीकाकरण के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए घर-घर दस्तक कार्यक्रम को सफल बनाने का भी उन्होंने आह्वान किया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बैठक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास में तेजी लाने के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से नरेन्द्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ ही दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार की नाकामियों से लोगों को अवगत कराना होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव और उसके बाद विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से योजना बनाकर काम करना होगा।
प्रदेश भाजपा प्रभारी बैजयंत जे पांडा ने कार्यकर्ताओं को टिकट के लिए भाग दौड़ करने के बजाय क्षेत्र में काम करने की सलाह दी। कहा, जनसंघ के समय से ही दिल्ली हमारा गढ़ है। इसे ध्यान में रखकर कार्यकर्ता क्षेत्र में मेहनत करें। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सेवा और समर्पण के माध्यम से दिल्ली की जनता के मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष करते रहेंगे।
भाजपा कार्यकर्तओं की मेहनत लगातार रंग ला रही है और कई जनहित के मुद्दों पर केजरीवाल सरकार को झुकना पड़ा है। दिल्ली जल बोर्ड में भ्रष्टाचार व अन्य मामलों में आवाज उठाने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ आप सरकार कानूनी कार्रवाई कर रही है। अदालत में उसे चुनौती दी जाएगी। सांसदों ने अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह प्रभारी अल्का गुर्जर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित सांसद, विधायक व अन्य नेता मौजूद थे।
