ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी, बढ़ने लगे फलों व सब्जियों के दाम
चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ) के संयोजक बृजेश गोयल ने कहा कि ट्रकों की हड़ताल से दिल्ली के थोक बाजारों का व्यापार ठप हो चुका है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल शुक्रवार को आठवें दिन भी जारी रही और ट्रक नहीं चले। ट्रांसपोर्टरों ने स्पष्ट किया है कि सरकार से बातचीत में गतिरोध बने रहने की वजह से हड़ताल कुछ दिन और चल सकती है। ऐसे में दिल्ली के व्यापारियों और उद्यमियों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं। इस दौरान दूसरे राज्यों से माल की आवाजाही न के बराबर है जिससे उद्योग जगत भी परेशानी का अंदेशा जताने लगा है।
उद्यमियों के मुताबिक, जल्द इसका हल नहीं निकाला गया तो इसका असर दिखेगा। हालांकि, ट्रकों की हड़ताल का असर दूध आपूर्ति पर नहीं है। इस बारे में मदर डेयरी के अधिकारी ने बताया कि उन्होंने वैकल्पिक इंतजाम पहले से ही कर रखे थे इसलिए अभी तक हड़ताल का असर नहीं है।
वहीं, इससे चिंतित चैंबर आफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआइ) के संयोजक बृजेश गोयल ने कहा कि ट्रकों की हड़ताल से दिल्ली के थोक बाजारों का व्यापार ठप हो चुका है। व्यापारियों के साथ ही कर्मचारियों और मजदूरों के पास कोई काम नहीं है। ऐसे में केंद्र को हस्तक्षेप करते हुए तत्काल रास्ता निकालना चाहिए। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव संपत तोष्नीवाल ने कहा कि आगामी दिनों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।