New MV Act : वाहनों के चालान से भरा सरकार का खजाना, मिली इतनी राशि
New MV Act 2019 सभी यातायात नियमों के उल्लंघन के एवज में किए गए चालान और इनसे प्राप्त राजस्व की धनराशि बीते वर्ष के मुकाबले दोगुनी से अधिक जमा हो चुकी है।
नई दिल्ली (लोकेश चौहान)। New MV Act 2019: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक एक तरफ नियम तोड़ने का रिकॉर्ड बना रहे हैं, वहीं सरकारी खजाने में जमा होने वाले राजस्व के रिकॉर्ड को भी नए स्तर पर पहुंचा रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में सिर्फ ओवर स्पीड के चालान के जरिये सरकारी खजाने में 160 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व जमा हो चुका है जो बीते वर्ष के मुकाबले करीब 50 करोड़ रुपये अधिक है।
दोगुने से अधिक जमा हुई राशि
वहीं सभी यातायात नियमों के उल्लंघन के एवज में किए गए चालान और इनसे प्राप्त राजस्व की धनराशि बीते वर्ष के मुकाबले दोगुनी से अधिक जमा हो चुकी है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस वर्ष का राजस्व करीब तीन सौ करोड़ रुपये को पार कर जाएगा।
प्रतिवर्ष हो रही बढ़ोतरी
आंकड़ों की बात की जाए तो राजधानी में यातायात नियमों के उल्लंघन के रूप में होने वाले चालान के रूप में मिलने वाले राजस्व का धनराशि में प्रति वर्ष बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2018 में पहली बार राजस्व का आंकड़ा सौ करोड़ के पार पहुंचा था। जबकि छह वर्ष पहले की बात करें तो यातायात नियमों के उल्लंघन के एवज में मिलने वाला राजस्व करीब 50 करोड़ से भी कम था।
160 करोड़ रुपये का राजस्व
बीते वर्ष यातायात नियमों के उल्लंघन के रूप में लगाए गए जुर्माने के रूप में राजस्व 110 करोड़ 91 लाख से अधिक का राजस्व मिला था। वहीं इस वर्ष ओवर स्पीड के किए गए 40 लाख चालान के रूप में मिले जुर्माने से 160 करोड़ रुपये का राजस्व मिल चुका है। इसके अलावा अन्य मामलों में जो चालान किए गए हैं, उनसे करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व पुलिस को अगस्त के अंत तक मिल चुका है। एक सितंबर से जुर्माने की धनराशि कई गुना होने के बाद राजस्व में और बढ़ोतरी होगी।