Delhi Lockdown 4.0: दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन भीषण जाम, तेज धूप बढ़ाई लोगों की परेशानी
Delhi Lockdown 4.0 लॉकडाउन चार की शुरुआत से उप्र-दिल्ली की सीमाओं पर शुरू हुआ जाम का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। यह सिलसिला बुधवार सुबह से जारी है।
नई दिल्ली/गाजियाबाद, जेएनएन। Delhi Lockdown 4.0: यूपी-गाजियाबाद बॉर्डर सील होने के बाद लगातार दूसरे दिन बुधवार को गाजीपुर बॉर्डर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। चेकिंग के चलते लोगों को लंबा इतंजार करना पड़ रहा है।
बता दें कि लॉकडाउन चार की शुरुआत से उप्र-दिल्ली की सीमाओं पर शुरू हुआ जाम का सिलसिला कम नहीं हो रहा है। ऊपर से गाजियाबाद के जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय का उप्र-दिल्ली की सीमाओं को सोमवार की रात 12 बजे से सील करने का आदेश भी मंगलवार को हजारों लोगों के लिए मुसीबत बन गया। अमूमन सभी सीमाओं पर सुबह से देर रात तक जाम लगा रहा। तपती धूप में जाम में फंसे लोगों को बहुत परेशानियां झेलनी पड़ीं। वहीं, गौतमबुद्ध नगर से जुड़ी दिल्ली की सीमाओं पर भी जांच के बाद ही गाड़ियो को प्रवेश देने वजह से डीएनडी, चिल्ला व कालिंदी कुंज बॉर्डर पर जाम से लोग दिनभर जूझते रहे।
बता दें कि सोमवार रात गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने भी डीएनडी, चिल्ला व कालिंदी कुंज बॉर्डर का औचक निरीक्षण कर लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद मंगलवार को सीमाओं पर पुलिस की सख्ती और बढ़ गई, जिससे तीनों सीमाओं पर गाड़ियों का लंबी कतारें लगी रहीं और चिलचिलाती धूप व गर्मी में लोग जाम से जूझते रहे। इधर, गाजियाबाद के डीएम के आदेश पर बॉर्डर सील होने के कारण मंगलवार को यूपी गेट पर सुबह सात बजे से ही वाहनों की रफ्तार धीमी होने लगी। साढ़े आठ बजे तक यूपी गेट से लिंक रोड पर वाहनों की करीब दो किलोमीटर लंबी लाइन लग गई।
राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ और दिल्ली की सीमा में भी जाम लग गया, जिसमें एंबुलेंस भी फंस गए। लिंक रोड पर जाम लंबा होते देखकर पुलिस ने सुबह नौ बजे यूपी गेट की ओर जाने वाले वाहनों को डाबर तिराहे से महाराजपुर सीमा की ओर मोड़ दिया। कुछ वाहनों को एनएच-नौ की ओर डायवर्ट किया। फिर भी जाम कम न होते देखकर कुछ देर तक वाहनों को दिल्ली की ओर बिना जांच-पड़ताल के जाने दिया गया। इससे सुबह 11:30 बजे के बाद यूपी गेट पर दिल्ली जाने वाली सड़क पर स्थिति सामान्य हुई।
वहीं, दिल्ली से आने वालों को जांच-पड़ताल के बाद ही गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश दिया गया। सैकड़ों लोगों को पास नहीं होने से सीमाओं से वापस कर दिया गया। इससे यूपी गेट पर दिल्ली की सीमा में भी सुबह से देर रात तक जाम लगा रहा।
अपर जिलाधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. मनीष शर्मा ने यूपी गेट का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने जाम खुलवाने के लिए मोर्चा संभाला, लेकिन करीब एक घंटे तक सफल नहीं हुए। आखिरकार, दोपहर में भोपुरा सीमा पर पुलिस ने नरमी दिखाते हुए बिना जांच-पड़ताल के वाहनों को आवाजाही करने दिया। शाम शाम बजे के बाद पुलिस ने दोबारा यहां जांच-पड़ताल शुरू की।
कलानिधि नैथानी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, गाजियाबाद) गाजियाबाद-दिल्ली की सीमाएं सील हैं। अनुमति प्राप्त लोगों को ही आवाजाही करने दी जा रही है। सीमाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।