दिल्ली-NCR में आज होगी बारिश, तीन डिग्री तक गिर सकता है तापमान
राजधानी दिल्ली के आसमान में रविवार को बादल छाए रहेंगे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को मध्यम स्तर की बारिश के बाद तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस कारण दिल्लीवासियों को गर्मी से मिल रही राहत बरकरार रहेगी।राजधानी दिल्ली के आसमान में रविवार को बादल छाए रहेंगे।
इसके साथ ही राजधानी दिल्ली के कई क्षेत्रों में मध्यम से हल्के स्तर की बारिश हो सकती है। जिसका असर राजधानी के तापमान पर पड़ेगा। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार शनिवार को दिल्ली के किसी भी क्षेत्र में बारिश दर्ज नहीं की गई है, जबकि शुक्रवार को चार मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई थी।
रविवार को दिल्ली में बारिश होने की प्रबल संभावना है। इससे दिल्ली का अधिकतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। रविवार को आद्र्रता का अधिकतम स्तर 91 फीसद रहेगा।