भीषण गर्मी के बीच आंधी और बारिश के आसार, उमस से नहीं मिलेगी राहत
शनिवार को आंधी और बौछार पड़ने के आसार हैं। लेकिन इससे भी उमस से लोगों को मुक्ति नहीं मिलेगी।
नई दिल्ली [जेएनएन]। शुक्रवार को उमस का स्तर काफी अधिक होने के कारण दिल्लीवासी दिन भर काफी परेशान दिखाई दिए। उमस का स्तर 44 से 68 फीसद के बीच बना रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी इस सीजन में पहली बार 32 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान बढ़ने की वजह से लोगों को रात में भी गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही है।
बौछार पड़ने के आसार
राहत की बात यह है कि शनिवार को आंधी और बौछार पड़ने के आसार हैं। लेकिन इससे भी उमस से लोगों को मुक्ति नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बारिश के लिए स्थितियां अनुकूल बन रही हैं। अनुमान है कि शनिवार और रविवार दोनों दिन उत्तर-पश्चिमी राज्यों में मध्यम बौछारें पड़ेंगी।
दिल्ली में दो तरफ से नमी आ रही है
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के निदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार इस समय दिल्ली में दो तरफ से नमी आ रही है। अरब सागर की नमी भरी हवा यहां आ ही रही है, साथ ही पूर्व की तरफ से आ रही हवा भी अपने साथ नमी लेकर आ रही हैं। इसीलिए शनिवार और रविवार को बारिश की संभावना बन रही है। लेकिन इसके बाद तापमान फिर बढ़ेगा।
14 जून तक राहत नहीं
फिलहाल उमस और गर्मी से 14 जून तक राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान 39 और 31 डिग्री रह सकता है। रविवार को भी बारिश की वजह से तापमान कुछ कम रहेगा, लेकिन सोमवार से तापमान फिर 42 और 43 डिग्री पर पहुंचेगा। वहीं नमी भी इसी तरह बनी रहेगी।
आंधी-तूफान और गर्जना के साथ बारिश
स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, और दिल्ली में आंशिक बादल देखने को मिल रहे हैं। इस समय उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से बिहार तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से पूर्वी आर्द्र हवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। इसके चलते शनिवार व रविवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और गर्जना के साथ बारिश होगी।
रुक-रुक कर होती रहेगी बारिश
कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है। इसके बाद मौसमी सिस्टम का प्रभाव दक्षिण में शिफ्ट हो जाएगा और बारिश में कमी आएगी। लेकिन, मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली वालों को मानसून के आने तक रुक-रुक कर बारिश का मजा मिलता रहेगा।
यह भी पढ़ें: बिजली मांग के टूट गए सारे रिकॉर्ड, वितरण कंपनियों का दावा- हर स्थिति का सामना करने को तैयार