सोनीपत में शादी में गई किशोरी से दरिंदगी तो दिल्ली में दो महिलाएं बनी हवस का शिकार
देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले में दो अलग-अलग जगहों पर लोन व नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया
नई दिल्ली/सोनीपत, जेएनएन। दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं के साथ दरिंदगी के तीन मामले सामने से फिर सुरक्षा को लेकर सवालिया निशान लगाना शुरू हो गया है। जहां सोनीपत में शादी में गई किशोरी से दुष्कर्म की घटना सामने आई हैं, तो दो महिलाओं को दिल्ली को हवस का शिकार बनाया गया है।
पहली घटना
शाहदरा जिले में दो अलग-अलग जगहों पर लोन व नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आनंद विहार इलाके में चलती फॉच्यरूनर में तीन लोगों ने 24 वर्षीय महिला को लोन दिलाने की बात कह सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने महिला के एक जानकार युवक बागपत (उत्तर प्रदेश) निवासी अमित को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे मामले में फर्श बाजार इलाके में दो आरोपितों ने नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 28 वर्षीय महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
आनंद विहार इलाके की पीड़िता परिवार के साथ फरीदाबाद इलाके में रहती है। परिवार में एक बच्चा व अन्य सदस्य हैं। कुछ समय से महिला की पति से लड़ाई चल रही है। उसे घर खरीदने के लिए लोन की जरूरत थी। इसको लेकर उसकी मुलाकात बागपत निवासी अमित से हुई। आरोपित ने पीड़िता को भरोसा दिया कि वह कम ब्याज दर पर लोन दिलवा देगा। सोमवार शाम को अमित ने पीड़िता को क्रॉस रिवर मॉल के पास पार्किंग में किसी से मिलवाने के लिए बुलाया। पीड़ित का आरोप है कि वहां फॉर्च्यूनर में पहले से दो लोग मौजूद थे, गाड़ी में बैठने के बाद अमित ने कोल्ड ड्रिंक दी, जिसे पीते ही वह बेहोश हो गईं। कार में ही तीनों ने उनसे दुष्कर्म किया और बाहर फेंककर फरार हो गए। राहगीर की मदद से पीड़िता पुलिस के पास पहुंची और घटना के बारे में बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अमित को गिरफ्तार कर लिया, अन्य की तलाश जारी है।
उधर, फर्श बाजार मामले की पीड़िता परिवार के साथ सीलमपुर में रहती है। उनके परिवार में दो बच्चे व मां हैं, पति से विवाद चल रहा है। वह पति से अलग रहती हैं। पीड़िता नौकरी की तलाश कर रही थी। इस दौरान उसकी मुलाकात शकील अहमद उर्फ नेताजी से हुई। शकील ने पीड़िता को फर्श बाजार इलाके में अपने दोस्त नजाकत अली से मिलवाया। पीड़िता का आरोप है कि नौकरी की बात करने को गत 10 जनवरी की रात शकील ने उसे नजाकत की फैक्ट्री पर बुलाया। जब वह फैक्ट्री में पहुंची तो दोनों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर नजाकत अली (42), शकील (40) को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, सोनीपत के थाना राई क्षेत्र के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शिरकत करने गई किशोरी के साथ गांव के ही चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म कर दिया। विरोध पर आरोपितों ने किशोरी से मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। किशोरी को शादी समारोह में न पाकर उसका पिता मौके पर पहुंचा तो आरोपित उसे छोड़ फरार हो गए। फिलहाल, थाना राई पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 12 जनवरी की रात गांव में आयोजित शादी समारोह में गई थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजन उसे लेने पहुंचे। वहां शादी समारोह में न पाकर जब वापस लौट रहे थे तो पास के ही मकान से चीख-पुकार की आवाज आ रही थी। किशोरी के पिता जब अंदर गए तो गांव के ही चार युवक उनकी बेटी के साथ जोर जबरदस्ती कर रहे थे। उन्हें देख आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि जब वह शादी समारोह से वापस घर की ओर लौट रही थी तो गांव के युवक सुशील, विशाल, निशांत व रवि ने उसे जबरदस्ती सुशील के घर में खींच लिया। चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और मारपीट भी की। फिलहाल पुलिस ने आरोपित युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कुलदीप (प्रभारी, राई थाना) के मुताबिक, पीड़िता की मां की शिकायत पर गांव के ही चार युवकों पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपित युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।