कर्नाटक का नाटक: तीन दिन में तीन भाजपा विधायकों ने छोड़ा होटल, जानें क्या चल रहा खेल
तावडू- मानेसर स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत होटल में बीजेपी विधायक शनिवार तक होटल में रुकेंगे। होटल में कमरों की बुकिंग 17 जनवरी तक थी जो बढ़ाई जा सकती है।
गुरुग्राम, [सुनील शर्मा] जेएनएन। तावडू- मानेसर स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत होटल में ठहरे भाजपा विधायकों ने होटल छोड़ना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह तीन विधायक यहां से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा कि अन्य विधायक शनिवार तक होटल में रुकेंगे। होटल में कमरों की बुकिंग 17 जनवरी तक थी, जो बढ़ाई जा सकती है। होटल की वेबसाइट पर 20 जनवरी तक होटल के सभी कमरे बुक दर्शाए जा रहे हैं।
गठबंधन पर संकट के बादल
पांच दिन पहले दिल्ली में आयोजित हुए भाजपा के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद पार्टी हाईकमान के आदेशों पर कर्नाटक के सभी भाजपा विधायकों को इस होटल में ठहराया गया था। विधायकों के साथ कर्नाटक भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी भी ठहरे हुए हैं। इससे सियासी सरगर्मी बढ़ गई थी। इस घटनाक्रम के बाद कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन सरकार पर संकट के बादल छाए हुए थे।
चल रहा आरोप-प्रत्यारोप का दौर
कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा नेतृत्व पर अपने विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया था, वहीं भाजपा की ओर से भी यही आरोप कांग्रेस पर लगाए गए थे। हालांकि भाजपा नेताओं ने विधायकों के होटल प्रवास के बारे में लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर विशेष गुफ्तगू करने की बात कही थी।
कड़ी हुई सुरक्षा
बृहस्पतिवार को कर्नाटक से बीजेपी के पूर्व सांसद व विधायक बी. श्रीरामुलु होटल से जाते देखे गए। वहीं बुधवार शाम दो विधायकों के जाने की बात सामने आई थी। बृहस्पतिवार को भी होटल को जाने वाली सड़क पर दिन भर मीडियाकर्मी खड़े नजर आए। एक दिन पहले कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया था जिसके बाद पुलिस ने होटल से 200 मीटर पहले बैरिकेड्स खड़े कर दिए थे। वहां के आगे किसी को नहीं जाने दिया गया।