सहारनपुर हिंसा: जंतर मंतर पर जुटे हजारों दलित, कन्हैया भी होंगे शामिल
इसी महीने नौ मई को हुई हिंसा के बाद भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने दिल्ली में जंतर मंतर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी।
नई दिल्ली (जेएनएन)। सहारनपुर में शब्बीरपुर हिंसा के विरोध में दिल्ली के जंतर मंतर पर रविवार को भारी संख्या में दलित कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस ने भीम आर्मी को जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। बावजूद इसके भीम आर्मी के साथ भारी संख्या में दलित युवा यहां पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इसी महीने नौ मई को हुई हिंसा के बाद भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने दिल्ली में जंतर मंतर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी थी। इसके लिए कई अन्य संगठनों के भी सहयोग का दावा किया गया था। चंद्रशेखर ने दिल्ली जंतर मंतर पर भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया पर ऑडियो वीडियो पोस्ट कर युवाओं से वहां पहुंचने का आह्वान किया था।
वहीं, सोशल मीडिया पर 21 मई को होने वाले आंदोलन में पहुंचने के जंतर मंतर के लिए कहां-कहां से पहुंचा जाएगा, इसका पूरा जिक्र किया गया था। खुफिया विभाग की रिपोर्ट में भी दावा किया गया था कि सहारनपुर से 2 हजार से अधिक युवा जंतर मंतर पर होने वाले आंदोलन में शामिल होंगे।
कहा जा रहा है कि इस विरोध-प्रदर्शन में जेएनयू के छात्र नेता कन्हैया कुमार, दलित कार्यकर्ता जिग्नेश मेवानी (गुजरात) और राम कुमार (यूपी) के साथ-साथ कई मुस्लिम नेता भी शामिल होंगे।