निगम कर्मचारी के घर से चोर ले उड़े गहने और नकदी, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार लोकेश शर्मा नगर निगम में नौकरी करते हैं। लोकेश अपने परिवार के साथ गाजियाबाद के वसुंधरा किसी काम से गए थे। वहां से लौटे तो देखा घर का दरवाजा खुला हुआ है अलमारी में रखे 70 हजार रुपये और सोने की अंगूठी व अन्य गहने गायब थे।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आनंद विहार इलाके में चोरों ने निगम के एक कर्मचारी के घर में सेंध लगा दी। वारदात के वक्त परिवार गाजियाबाद गया हुआ था, उसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। पुलिस लोकेश शर्मा की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
वसुंधरा से लौटने पर खुला मिला घर का दरवाजा
पुलिस के अनुसार लोकेश शर्मा अशोका निकेतन में रहते हैं। वह नगर निगम में नौकरी करते हैं। लोकेश अपने परिवार के साथ गाजियाबाद के वसुंधरा किसी काम से गए थे। वहां से लौटे तो देखा घर का दरवाजा खुला हुआ है, अलमारी में रखे 70 हजार रुपये और सोने की अंगूठी व अन्य गहने गायब थे। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बच्चे ने दर्ज करवाया साइकिल चोरी का केस पूर्वी दिल्ली
वहीं, कल्याणपुरी इलाके में चोरों ने घर के बाहर से 13 वर्षीय बच्चे की साइकिल चोरी कर ली। बच्चे की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार पीड़ित अंश तिवारी अपने परिवार के साथ ईस्ट विनोद नगर में रहते हैं। पीड़ित विनोद नगर के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करते हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रविवार को उन्होंने अपनी साइकिल धोकर घर के नीचे खड़ी की थी, वह किसी काम से घर के अंदर गए। बाहर आए तो साइकिल चोरी हो गई थी। बता दें कि इलाके में चोरी एवं झपटमारी की घटना बढ़ने पर पुलिस लगातार संदिग्धाें पर नजर रख रही है। पुलिस इलाके में भी लगातार जांच-चेकिंग कर इस तरह की घटना को रोकने की भरपूर कोशिश कर रही है। वहीं सीसीटीवी की मदद से भी चोरी एवं झपटमारी को रोकने में काफी मदद मिल रही है।