पुलिस ने चोर को पकड़ कर जेल की जगह पहुंचाया अस्पताल, जानिए क्या है मामला
चोर चोरी कर भाग रहा था तभी वह मकान के ऊपर चढ़ गया और बचने के डर से वह उस मकान की छत से कूद गया। इसके बाद वहां पहुंची पुलिस उसे जेल की जगह अस्पताल लेकर गई।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पकड़े जाने के डर से बीती रात चोर दूसरी मंजिल से कूद गया। इसके चलते वह गंभीर रूप घायल हो गया। घटना अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित श्रीनिवासपुरी इलाके की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को इलाज के लिए एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। सोमवार सुबह उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
मजदूरी का काम करते हैं शीशपाल
पुलिस ने बताया कि हरियाणा के हिसार के रहने वाले दीपक दिल्ली जल बोर्ड के ठेकेदार शीशपाल के यहां राज मिस्त्री का काम करते हैं। वे श्रीनिवासपुरी में खाली पड़े सरकारी फ्लैटों पर पांच मजदूर साथियों के साथ रहते हैं। दीपक ने बताया कि रविवार रात वे और उनके साथी कमरे में सोए हुए थे।
सरकारी फ्लैट से आ रही थी जोर की आवाज
इसी दौरान जोर से आवाज आ रही थी। उन्होंने साथियों के साथ उठकर देखा तो चोर बंद पड़े सरकारी फ्लैटों में लगी लोहे की ग्रिल, खिड़की व दरवाजे उखाड़कर ले जा रहे थे। उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपितों का पीछा किया तो वे भागने लगे।
पीछा करने पर मेन रोड की तरफ भागे चोर
इस दौरान तीन आरोपित मेन रोड की तरफ भाग गए, जबकि एक आरोपित मकान की छत पर चढ़ गया। पकड़े जाने के डर से वह मकान के पीछे की तरफ दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। जमीन पर गिरते ही वह बेहोश हो गया। सूचना पर अमर कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।