मानहानि का केस वापस लेने पर अनिल अंबानी पर भड़के सौरभ भारद्वाज, लगाए गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा कांग्रेस और अनिल अंबानी के बीच साठगांठ चल रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा, कांग्रेस और अनिल अंबानी के बीच साठगांठ चल रही है। आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रेसवार्ता में कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रहते हुए शीला दीक्षित ने 2007-2008 में सोनिया गांधी की फोटो के साथ विज्ञापन दिए थे। ये विज्ञापन मेट्रो ट्रेन, बसों और टीवी एवं रेडियो के माध्यम से दिए गए थे। इस पर शीला ने 22 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए थे।
भारद्वाज ने कहा कि भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने उनके खिलाफ अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी। भारद्वाज ने कहा कि जब 2015 में आप की सरकार बनी तो दिल्ली सरकार होने के नाते हमने कोर्ट में यह कहा कि यह एफआइआर सही है। शीला ने जनता के पैसे का दुरुपयोग किया, लिहाजा इसे शीला और कांग्रेस पार्टी से वसूला जाना चाहिए। मगर आज हमें पता चला कि विजेंद्र गुप्ता एवं शीला दीक्षित जी के बीच समझौता हो गया है।
उन्होंने कहा कि इसी परिवेश को अगर और आगे जाकर देखा जाए तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पूरे देश में यह ऐलान करते थे कि भाजपा ने अनिल अंबानी को राफेल का सौदा दिलाकर 30,000 करोड़ रुपये का फायदा पहुंचाया है। इस आरोप के खिलाफ रिलायंस ने कांग्रेस के दिग्गज नेता रणदीप सुरजेवाला, ओमान चांडी, अशोक चौहान, अभिषेक मनु सिंघवी, संजय निरूपम, शक्ति सिंह गोहिल और सुनील जाखड़ पर अहमदाबाद के एक कोर्ट में पांच हजार करोड़ का मानहानि का केस किया।
यह बड़ा ही आश्चर्यजनक है कि मतगणना के दो दिन पहले अनिल अंबानी ने यह केस वापस ले लिया। वहीं आप नेता संजय सिंह पर किया मुकदमा वापस नहीं लिया गया। इससे इन लोगों की आपसी साठगांठ का पता चलता है।
दिल्ली- NCR की ताजी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप