स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के घर चोरी, मंत्री ने ट्वीट कर कहा- चोरों में पुलिस का भय नहीं रहा
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के घर को चोरों ने निशाना बनाया है। मंत्री के घर चोरी से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के सरस्वती विहार के ई ब्लॉक स्थित घर को चोरों ने निशाना बनाया है। रानी बाग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक की जांच में नल की टोटियां आदि चोरी की बात सामने आई है। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
कुछ माह से खाली पड़ा था घर
पुलिस के अनुसार, यह घर पिछले कुछ माह से खाली पड़ा था। पहले मंत्री के माता -पिता यहां रहते थे। घर के देखभाल की जिम्मेदारी एक निजी कर्मचारी (केयर टेकर) पर थी। रविवार को जब वह घर देखने आया तो ताला टूटा पड़ा था। घर के अंदर रखा सामान बिखरा हुआ मिला। उसने रात नौ बजे पुलिस को सूचना दी। मामला मंत्री से जुड़ा होने की वजह से पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है।
चोरों में पुलिस का भय नहीं रहा : सत्येंद्र जैन
अपने घर में हुई चोरी की वारदात को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने चोरों द्वारा पूरे घर को खंगालने की जानकारी दी है। कहा कि असामाजिक तत्वों को दिल्ली पुलिस का भय नहीं रह गया है। ट्वीट के साथ उन्होंने कुछ तस्वीरों को भी साझा किया।