Delhi Ramlila: गाजियाबाद के बाद दिल्ली की रामलीला के मेले में झूला टूटा, महिला व बच्चे समेत दो घायल
Delhi Ramlila झूला टूटने से पीड़िता और उनके भतीजे के हाथ पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। पीड़िता का आरोप है कि मेले में लगे झूलों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है न ही आपात स्थिति में झूले रोकने की कोई व्यवस्था थी।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। राजधानी में चल रही रामलीला में लगे झूलों में सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे है। कुछ दिनों पहले गाजियाबाद में हुए हादसे से पूर्वी दिल्ली में चल रही रामलीला समितियों ने सबक नहीं लिया। सोमवार रात को कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड में चल रही श्रीहनुमंत रामलीला में झूला (ब्रेक डांस) टूटने से महिला और उनका भतीजा घायल हो गया।
आनन फानन में नेहा जैन (36) व उनके 10 वर्षीय भतीजे अर्नव जैन को घायल हालत में वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती करवाया। नेहा की शिकायत पर आनंद विहार थाना पुलिस ने झूला संचालक के खिलाफ सुरक्षा को खतरे में डालने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की है। हादसे के बाद उस झूले को बंद कर दिया गया है।
नेहा अपने परिवार के साथ भोलानाथ नगर में रहती हैं। वह गृहणी हैं। वह सोमवार रात दस बजे अपने परिवार के साथ श्रीहनुमंत रामलीला में गई थी। लीला देखने के बाद वह मेले में घूमने चली गईं, पीड़िता अपने भतीजे अर्नव को लेकर ब्रेक डांस वाले झूले में बैठ गईं। पीड़िता का आरोप है कि झूला शुरू होने के कुछ ही देर में उनकी सीट उखड़ कर काफी दूर जाकर गिरी। इससे वहां अफरा तफरी मच गई।
पीड़िता झूला रोकने की गुहार लगाने लगी। आरोप है कि झूले वाले ने झूला नहीं रोका, समय पूरा होने पर झूला रोका गया। झूला टूटने से पीड़िता और उनके भतीजे के हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। पीड़िता का आरोप है कि मेले में लगे झूलों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है, न ही आपात स्थिति में झूले रोकने की कोई व्यवस्था थी।
पीड़िता और उनके परिवार का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था न होने पर झूले के मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। परिवार ने बिना सुरक्षा प्रबंध के पुलिस और निगम द्वारा झूले लगाने की अनुमति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ठीक तरह से जांच किए बिना समितियों को गुपचुप तरीके से अनुमति दी गई है।
- हादसे के पीछे तकनीकी खामी नहीं है। हादसे में घायल लोगों के प्रति कमेटी की संवेदनाएं हैं। झूलों की अनुमति पुलिस व निगम से ली हुई है। समिति के सदस्यों ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात भी की थी। आगे हादसा न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। श्वेत गोयल, सचिव, श्रीहनुमंत रामलीला