लोकनायक अस्पताल में 27 हुई विदेश से आने वालों की संख्या, सोमवार को छह यात्रियों को और कराया भर्ती
राजधानी में सोमवार को भी विदेश से आने वाले छह यात्रियों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती किया गया। इससे अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 27 हो गई। इनमें से 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जबकि दस लोगों की आरटीपीसीआर आना बाकी है।
नई दिल्ली [राहुल चौहान]। राजधानी में सोमवार को भी विदेश से आने वाले छह यात्रियों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती किया गया। इससे अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या 27 हो गई। इनमें से 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। जबकि दस लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आना बाकी है।
वहीं, 17 संक्रमितों में से 12 की जीनोम सीक्वेंसिंग हो चुकी है, जिनमें सिर्फ एक ओमिक्रोन संक्रमित मिला है। बाकी पांच अन्य कोरोना संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट दो दिन बाद आएगी। स्पेशल वार्ड में भर्ती ओमिक्रोन संक्रमित मरीज को अन्य संक्रमितों से अलग कमरे में रखा गया है। संक्रमितों के पास किसी के आने-जाने की सख्त मनाही है।
दरअसल, देश में ओमिक्रान के मामले सबसे पहले कर्नाटक में 2, गुजरात में 1 और मुंबई में एक मामला सामने आया था। लेकिन रविवार को दिल्ली में एक नया मामला मिला है। कर्नाटक में मिले मरीजों की उम्र 66 और 46 साल है। दोनों में हल्के लक्षण हैं और दोनों दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे जबकि गुजरात में 72 साल के एक मरीज में ओमीक्रॉन वैरिएंटी की पुष्टी हुई है। ये मरीज जिम्बाब्वे से लौटा था। वहीं मुंबई में भी साउथ अफ्रीका और दुबई से होते हुए आया शख्स ओमिक्रोन से संक्रमित मिला है। जबकि दिल्ली में तंजानिया से आए व्यक्ति में नया वैरिएंट मिला है।