हत्या के प्रयास में शामिल आरोपित चढ़ा पुलिस के हत्थे, पूर्व में भी हत्या व लूट के कई मामले दर्ज
मंडावली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान आकिब उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। आरोपित पर पहले से हत्या व लूट का केस दर्ज है। कुछ वक्त पहले पुलिस ने इसके तीन साथियों को दबोचा था।
नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। मंडावली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान आकिब उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। आरोपित पर पहले से हत्या व लूट का केस दर्ज है। कुछ वक्त पहले पुलिस ने इसके तीन साथियों को दबोचा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि नौ नवंबर को मंडावली थाना पुलिस को एक युवक के साथ मार पिटाई की काल मिली थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित बाबी चौधरी को घायल हालत में एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया, उसने पुलिस को बताया कि आकिब और उसके साथियों ने उसपर चाकू व क्रिकेट के बल्ले से हमला किया है। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष कश्मीरी लाल के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई।
वारदात में शामिल लोकेश व दो नाबालिगों को पुलिस ने दबोच लिया। मुख्य आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह बाबा बालक नाथ मंदिर के पास आने वाला है। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया। पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने बताया कि पीड़ित से उसकी पुरानी दुश्मनी चल रही थी, उसी के चलते उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसपर हमला किया था।