करीना-सैफ के सेलिब्रेटी बेटे तैमूर के बर्थडे में सिर्फ कुछ घंटे बाकी, पटौदी पैलेस पर सबकी निगाहें
गुरुग्राम में पटौदी पैलेस पूरी तरह से सजधज कर तैयार हो चुका है और इन दिनों रंगीन रोशनी से सजाया गया है। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के हॉट कपल में शुमार करीना कपूर और सैफ अली खान के बेटे तैमूर का दूसरा जन्म दिन मनाने के लिए पटौदी पैलेस में पूरी तैयारी हो चुकी है। तैमूर का जन्मदिन 20 दिसंबर यानी बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा।
इसके लिए गुरुग्राम में पटौदी पैलेस पूरी तरह से सजधज कर तैयार हो चुका है और इन दिनों रंगीन रोशनी से सजाया गया है।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बड़ी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है। तैमूर का 20 दिसंबर को दूसरा जन्मदिन है। 20 दिसंबर को वह दो साल का हो जाएगा।
बता दें कि पिछले साल भी सैफ-करीना पटौदी पैलेस परिवार के साथ पहुंचे थे और जन्मदिन मनाने के दौरान सैफ अपने बेटे तैमूर के साथ घोड़े पर नजर आए थे। फिर घोड़े की बजाय व खेतों के पास ट्रैक्टर से चक्कर लगाते नजर आए थे।
पिछले साल करीना कपूर के रिश्ते में दादा लगने वाले अभिनेता शशि कपूर के निधन की वजह से जन्मदिन सादे रूप में मनाने का निर्णय लिया था, लेकिन इस बार उम्मीद है ज्यादा जश्न होगा। इसमें परिवार के काफी नजदीकी लोग ही भाग लेंगे। आयोजन को लेकर पटौदी पैलेस में तैयारी चल रही है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड के हॉट कलाकारों में शुमार करीना कपूर और सैफ अली खान से ज्यादा तो उनके सेलिब्रेटी बन चुके बेटे तैमूर अली खान चर्चा में हैं। दरअसल जारी होते ही उनकी तस्वीरें पल भर में वायरल हो जाती हैं।
बता दें कि तैमूर अली खान की खूबसूरत तस्वीरों से करीना और सैफ की कमाई भी खूब होती है। पिता सैफ अली खान की मानें तो सोशल मीडिया पर तैमूर की जो तस्वीरें वायरल होती हैं उनकी एक फोटो की कीमत 1500 रुपये होती है। ऐसे में आसानी से आप नन्हे तैमूर अली खान की लोकप्रियता का अंदाजा लगा सकते हैं, जो अभी से अनजाने ही कमाई कर रहे हैं।
पिछले दिनों केरल की एक खिलौना बनाने वाली कंपनी ने तैमूर के नाम का खिलौना मार्केट में उतारा है। यह उनकी लोकप्रियता का ही असर है कि लोग तैमूर के इस खिलौने को काफी पसंद कर रहे हैं। यहां तक कि इस खिलौने की बिक्री में तेजी से इजाफा भी हुआ है।
कुछ दिन पहले तैमूर के स्कूल जाने के दौरान की तस्वीरें वायरल हुईं थी, जिसमें तैमूर के स्कूल के बैग पर भी उनका नाम लिखा हुआ था- तैमूर। इतना ही नहीं, बैग के ऊपर स्माइल करता हुआ एक टैडी है और उसके ठीक नीचे तैमूर लिखा हुआ है।
अभिनेता सैफ़ अली ख़ान और करीना कपूर ख़ान के चहेते बेटे तैमूर अली ख़ान फैंस के बीच भी काफी लोकप्रिय हैं। बताया जाता है कि तमाम फोटोग्राफर उनकी एक तस्वीर लेने के लिए लालायित रहते हैं।