हाथरस कांड में देखने को मिल सकती है निर्भया केस से जुड़े 2 नामी वकीलों की जंग
निर्भया केस में माता-पिता की वकील की ओर से चारों दोषियों (अक्षय सिंह ठाकुर मुकेश सिंह पवन कुमार गुप्ता और विनय कुमार शर्मा) की फांसी दिलवाने वालीं चर्चित वकील सीमा समृद्धि पीड़िता की परिवार की वकील हो सकती है।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। हाथरस कांड में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के बीच आने वाले समय में इस मामले में कानूनी जंग भी धारदार देखने को मिल सकती है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के 2 जाने-माने वकील एक-दूसरे के सामने आ सकते हैं। दरअसल, हाथरस कांड का सीधा संबंध निर्भया केस में पक्ष-विपक्ष के वकीलों से होने जा रहा है। दरअसल, निर्भया के दोषियों की ओर से मुकदमा लड़ने वाले सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील एपी सिंह अब हाथरस कांड में तथाकथित दुष्कर्म के आरोपितों की ओर से केस लड़ सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर निर्भया केस में माता-पिता की वकील की ओर से चारों दोषियों (अक्षय सिंह ठाकुर, मुकेश सिंह, पवन कुमार गुप्ता और विनय कुमार शर्मा) की फांसी दिलवाने वालीं चर्चित वकील सीमा समृद्धि हाथरस पीड़िता के परिवार की वकील हो सकती हैं। दोनों ओर से कहा जा रहा है कि वकीलों के नाम तय हो चुके हैं, सिर्फ औपचारिक एलान होना भर बाकी है। सीमा समृद्धि ने खुद अपनी ओर से बिना फीस लिए हाथरस पीड़िता के परिवार की ओर से केस लड़ने की बात कही है।
वहीं, ताजा मामले में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने हाथरस केस में आरोपितों की तरफ से सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह से मुकदमे की पैरवी करने के लिए बात की है। इसी साथ वकील एपी सिंह की फीस अखिल भारतीय महासभा के पदाधिकारियों के आपसी सहयोग से देने की घोषणा की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजा मान्वेंद्र सिंह ने हाथरस में आहत राजपूत समाज के परिवार से और हाथरस पुलिस अधीक्षक और हाथरस जिला अधिकारी से अपने प्रतिनिधियों में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर और अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारियों के मिलने के लिए समय भी मांगा है।
वहीं, हाथरस कांड में पीड़िता की ओर से वरिष्ठ वकील सीमा समृद्धि ने केस लड़ने की घोषणा की है। वह पिछले दिनों पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस भी गई थीं। उन्होंने बिना फीस लिए हाथरस पीड़ित परिवार की ओर से मुकदमा लड़ने का फैसला किया है।
बता दें कि 2012 निर्भया केस में सुप्रीम कोर्ट ने वकील एपी सिंह ने दोषियों की ओर से मुकदमा लड़ा था और सीमा समृद्धि निर्भया के माता-पिता की वकील थीं। सीमा निर्भया ज्योति फंड से भी जुड़ी हुई हैं।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो