सुसाइड से पहले युवक ने वीडियो बनाकर किया अपना दर्द बयां, फिर लगाया मौत को गले
फंदे पर झूलने से पहले विजय ने मोबाइल से एक वीडियो भी बनाया। इसमें उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। करावल नगर इलाके में एक युवक ने विजय कुमार तिवारी (36) ने घर में फंदा लगाकर खुदकशी कर ली। फंदे पर झूलने से पहले उसने मोबाइल से एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही विजय के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ससुराल पक्ष से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। मूल रूप से शुक्ल का पूर्वा, गोविंदपुर, सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी विजय यहां परिवार के साथ गली नंबर-तीन, शिव विहार, करावल नगर में रहते थे। परिवार में पिता रामकेवल तिवारी, पत्नी किरण और ढाई साल के दो जुड़वा बच्चे हैं। विजय दुकानों में इंजन ऑयल वितरण का काम करते थे। करीब चार साल पहले मुकुंद विहार, करावल नगर निवासी किरण के साथ विजय की शादी हुई थी।
विजय के घर से थोड़ी दूरी पर रहने वाले बड़े भाई कालका तिवारी ने बताया कि ससुराल पक्ष के अधिक हस्तक्षेप होने के कारण पति-पत्नी में अक्सर विवाद रहता था। गत दो जनवरी को किरण बिना बताए घर से चली गई थी। पिता ने जब विजय के ससुराल में फोन किया तो पता चला कि वहां पहुंच गई है। इसके बाद विजय दोनों बच्चों को ससुराल छोड़ आए।
उन्हें आशंका है कि ससुराल में विजय के साथ मारपीट की गई। उनके खिलाफ केस दर्ज करने की धमकी दी गई। इस वजह से वह परेशान हो गए। शुक्रवार रात करीब नौ बजे पिता जब घर लौटे तो देखा कि विजय फंदे पर झूल रहा है। विजय को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पढ़िए- वीडियो में क्या कहा
खुदकशी से पहले वीडियो में विजय ने कहा कि दोस्तों हो सकता है कि आज के बाद आप मुझे न देखो। मैं अपनी मर्जी से जान नहीं दे रहा हूं। इसके पीछे वजह मेरे ससुर अवधेश तिवारी और साली निशा है। इनकी वजह से मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई है, इसलिए मैं खुदकशी करने जा रहा हूं। हमारे देश में महिलाओं के लिए कई कानून हैं, लेकिन पुरुषों के लिए नहीं।