देश में हर नागरिक के लिए हो समान कानून: सुब्रमण्यम स्वामी
राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि देश में हर नागरिक के लिए समान कानून व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
नई दिल्ली [जेएनएन]। भारत रक्षा मंच द्वारा तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन छतरपुर स्थित मार्कण्डेय हॉल में किया जा रहा है। अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को मंच की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि देश में हर नागरिक के लिए समान कानून व्यवस्था लागू होनी चाहिए। देश का कोई भी नागरिक यह बर्दाश्त नहीं करेगा कि एक वर्ग विशेष के लिए एक कानून हो, जबकि दूसरे लोगों के लिए दूसरा अलग कानून। हमारे भारतीय संविधान में संस्कृत पढ़ाए जाने का जिक्र किया गया है। देश के बच्चों को यह भाषा पढ़ाई जानी चाहिए। गो हत्या व शराबबंदी का भी जिक्र है। इस पर भी सरकार को गंभीर होना पड़ेगा।
बाजारवाद ने हमारी संस्कृति को तबाह कर दिया
कश्मीर के सर्वज्ञ शारदा पीठ के स्वामी श्री अमृतानंद देवतीर्थ जी ने कहा कि सनातन धर्म के बारे में बताना व समझना हम सब का दायित्व है। वर्षों पहले भारत में गुरुकुल की व्यवस्था थी। उन दिनों भारत में शिक्षा का स्तर काफी बेहतर था। लोगों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जाते थे। आज की शिक्षा व्यवस्था में संस्कार की कोई जगह नहीं है। युवा पीढ़ी को सनातन धर्म के बारे में बताने के साथ-साथ वेदों के बारे में भी जानकारी देना जरूरी हो गया है। उपभोक्तावाद व बाजारवाद ने हमारी संस्कृति को तबाह कर दिया है।
भारत रक्षा मंच के मीडिया प्रभारी लोकेश शर्मा ने बताया कि दूसरे दिन कई अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखे। रविवार को यह अधिवेशन समाप्त हो जाएगा। इसमें देश भर से सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया है।
यह भी पढ़ें: कुमार विश्वास के इस कदम पर टिकी 'आप' की निगाह, पार्टी में मची है खलबली
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त को करणी सेना कश्मीर के लाल चौक पर फहराएगी तिरंगा: अम्मू