शाहीन बाग के धरने से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं छात्र
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के विरोध में दिल्ली-नोएडा मार्ग पर शाहीन बाग के सामने एक माह से धरने पर बैठे लोगों के कारण यह मार्ग बंद है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के विरोध में दिल्ली-नोएडा मार्ग पर शाहीन बाग के सामने एक माह से धरने पर बैठे लोगों के कारण यह मार्ग बंद है। इसकी वजह से आसपास के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों की स्कूल बसें उनके घर तक नहीं पहुंच पा रही हैं। सबसे ज्यादा परेशानी सरिता विहार व मदनपुर खादर गांव के लोगों को हो रही है।
दरअसल, यह मार्ग बंद होने के कारण दिल्ली-नोएडा-फरीदाबाद आने-जाने वाले लाखों लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर काटकर आना-जाना पड़ता है। इस मार्ग के बंद होने के कारण रिंग रोड, मथुरा रोड व डीएनडी पर यातायात का अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसके कारण इन मार्गो पर भयंकर जाम लग रहा है। इससे दो-चार किलोमीटर का मार्ग तय करने में भी लोगों को कई घंटे लग जाते हैं। यह मार्ग बंद होने के कारण यातायात मदनपुर खादर गांव की संकरी गलियों में डायवर्जन हो गया है। इससे इस गांव के बच्चे तो घर से निकल तक नहीं पा रहे। गांव में स्कूल बसें तक नहीं पहुंच पाती हैं। यहां जाम के कारण न तो सफाई के लिए निगम की गाड़ियां पहुंच पा रही हैं और न ही यहां सीवर की सफाई हो पा रही है।
सरिता विहार से डीसीपी ऑफिस तक पदयात्र आज
शाहीन बाग में चल रहे धरने को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोग रविवार को मथुरा रोड पर पदयात्र निकालेंगे। यह पदयात्र रविवार सुबह 11 बजे सरिता विहार स्थित दिल्ली जलबोर्ड पार्क से शुरू होकर सरिता विहार थाने तक होगी। इसमें खिजराबाद, तैमूर नगर, सराय जुलैना, भरत नगर, जसोला, मदनपुर खादर, आली गांव, आली विस्तार, बदरपुर, जैतपुर, मीठापुर, सरिता विहार, मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी, गौतमपुरी, मोलड़बंद, मोहन एस्टेट, तुगलकाबाद, तेहखंड गांव, हरि नगर, ओम विहार आदि गांवों व कॉलोनियों से लोग शामिल होंगे।
सीएए के खिलाफ शाहीन बाग में धरने पर बैठीं मुस्लिम महिलाएं
शाहीन बाग धरने के चलते कालिंदी कुंज मार्ग एक माह से बंद है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। मार्ग खुलवाने के लिए स्थानीय लोग रविवार को सरिता विहार से डीसीपी कार्यालय तक पदयात्र निकालेंगे।
शाहीन बाग में चल रहे विरोध प्रदर्शन के चलते कालिंदी कुंज को सरिता विहार और नोएडा से जोड़ने वाला मार्ग एक माह से बंद है। इससे नौकरी पेशा वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस को यह मार्ग जल्द खुलवाना चाहिए। हमारे बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।