पंजाब सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही भाजपा : जयकिशन
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा में हुई चूक पर मचे बवाल के बीच दिल्ली कांग्रेस ने भी इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है! प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जयकिशन ने इसे भाजपा द्वारा पंजाब सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है।
नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा में हुई चूक पर मचे बवाल के बीच दिल्ली कांग्रेस ने भी इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है! प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जयकिशन ने इसे भाजपा द्वारा पंजाब सरकार को बदनाम करने की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर सवाल उठाने वालों को पहले सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब हवाई मार्ग के बजाय प्रधानमंत्री का सड़क मार्ग से जाने का रास्ता तय हुआ तो कुछ किसान अकस्मात अपनी मांगों के लिए प्रधानमंत्री से मिलने के लिए सड़क पर आ गए। इसमें पंजाब सरकार की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई थी। इसलिए उसे कठघरे में खड़ा करना तर्कसंगत नहीं। उन्होंने कहा, सच तो यह है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी कांग्रेस के बढ़ते वर्चस्व से घबरा गई हैं।
इसीलिए अब आरोप प्रत्यारोप पर उतर आई हैं। जयकिशन ने भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी को भी उनके उस बयान के लिए घेरा जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को कांग्रेस का आखिरी बादशाह बताया है। जयकिशन ने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो दलितों और वंचितों के दर्द को समझते हुए देश हित में काम कर रही है और आगे आने वाला समय भी कांग्रेस का ही होगा।
जयकिशन ने कहा कि महात्मा गांधी, राजगुरु, मंगल पांडे जैसे देश भक्त थे, जो गांधी परिवार की कुर्बानी को जानते थे! बीजेपी के किसी नेता के पास सिवाय सांप्रदायिकता का चोला ओढ़ने के और सत्ता हथियाने के कोई बहुत बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की 15 लाख की झूठी घोषणा झूठ का पुलिंदा साबित हुई है। पूरे देश में घर घर सिलेंडर बांटने और गरीबो को पक्का घर देने का जिस तरह से नाटक किया गया है उसे जनता पूरी तरह से समझ रही है । आने वाले समय में इसका जवाब चाहिए।