Covid-19: होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों के लिए सामाजिक संस्थाओं ने शुरू की ये सर्विस, मिलेगी राहत
संस्थान के अध्यक्ष खरविंदर सिंह कैप्टन ने बताया एक सप्ताह पहले 10 लोगों की मदद से यह शुरुआत हुई थी जो अब 100 तक पहुंच चुकी है। मदद का उद्देश्य होम आइसोलेशन वाले मरीजों को मानसिक तनाव के साथ उन्हें जरूरी वस्तु पहुंचाकर उनकी परेशानियों को कम करना है।
नई दिल्ली [निहाल सिंह]। कोरोना के बढ़ रहे प्रकोप से लोगों को फिर सामाजिक संस्थाओं से आस बंधी है। बीमारी ने पूरे-पूरे परिवार को चपेट में ले लिया है। ऐसे में परिवार को खाना पहुंचाने से लेकर दवाएं पहुंचाने में सामाजिक संस्थाएं आगे आ रही हैं। इसके लिए दिल्ली में कई संस्थाओं ने टिफिन सर्विस शुरू की है तो किसी ने दवा पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। यह भी बिल्कुल निश्शुल्क है। हालांकि बहुत छोटे स्तर पर यह काम शुरू हुआ है, लेकिन जिन लोगों तक यह मदद पहुंच रही है उनके पास शुक्रिया अदा करने के लिए भी शब्द नहीं हैं।
आनलाइन एप के माध्यम से पहुंचा रहे हैं मदद
राघव मंडल ने खान मार्केट, लाजपत नगर, ग्रेटर कैलाश, मालवीय नगर और सफदरजंग एन्क्लेव इलाके में अपनी संस्था यूथ वेलफेयर एसोसिएशन के माध्यम से मदद का काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि अब तक वे प्रतिदिन 100 से अधिक लोगों की मदद कर रहे हैं। इसमें होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों को खाना पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने अपने जानकारों को इस काम में जोड़ा है, जिनके यहां पर खाना बनता है। जिन लोगों को जरूरत होती है वहां पर एक निजी फूड डिलीवरी एप के माध्यम से जरूरतमंदों को खाना पहुंचाया जाता है। अगर एप पर ज्यादा समय डिलीवरी के लिए दिखाता है तो वे खुद अपने वाहनों से लोगों के दरवाजे पर खाना छोड़कर आते हैं।
उन्होंने इस मदद के लिए जानकारी इंटरनेट मीडिया पर डाल दी है। इससे वे लोग जो अपने परिवार से दूर हैं या फिर जिनका पूरा परिवार संक्रमित होने के चलते होम आइसोलेशन में है, वे मदद की मांग कर रहे हैं। कालकाजी में शुरू की टिफिन सेवा गुरु अमर दास सेवा ट्रस्ट एवं कालका जी मित्र परिषद ने होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना मरीजों के लिए कालकाजी, गोविंदपुरी व अमर कालोनी जैसे इलाके में मदद कर रहे हैं। इलाके में जो लोग कोरोना मरीजों के लिए मदद की मांग कर रहे हैं उन्हें मदद की जा रही है। प्रतिदिन 100-125 लोगों को टिफिन सेवा के जरिए दोनों समय का खाना पहुंचाया जा रहा है।
संस्थान के अध्यक्ष खरविंदर सिंह कैप्टन ने बताया एक सप्ताह पहले 10 लोगों की मदद से यह शुरुआत हुई थी, जो अब 100 तक पहुंच चुकी है। मदद का उद्देश्य होम आइसोलेशन वाले मरीजों को मानसिक तनाव के साथ उन्हें जरूरी वस्तु पहुंचाकर उनकी परेशानियों को कम करना है।