प्रदूषण पर रोक के लिए भलस्वा लैंडफिल साइट पर लगेगा स्मॉग टावर, इस माह के अंत तक शुरू होगा काम
भलस्वा लैंडफिल साइट पर उड़ने वाली धूल से फैल रहे प्रदूषण पर रोक के लिए स्मॉग टावर लगाया जाएगा। स्मॉग टावर लगाने पर 20 से 25 लाख रुपये की लागत आएगी। टावर की ऊंचाई व इसे लगाने आदि के तकनीकी पहलुओं पर विचार विर्मश चल रहा है।
संजय सलिल, बाहरी दिल्ली। भलस्वा लैंडफिल साइट पर उड़ने वाली धूल से फैल रहे प्रदूषण पर रोक के लिए स्मॉग टावर लगाया जाएगा। उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने यहां स्मॉग टावर लगाने की कवायद शुरू कर दी है। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश जेपी के अनुसार स्मॉग टावर लगाने के लिए विभागीय प्र्रक्रिया शुरू कर दी गई है और टेंडर आदि भी प्रक्रिया चालू कर दी गई है।
ऐसे में नवंबर माह के अंत के इसे लगाने का काम प्रारंभ किया जा सकता है। उन्हाेंने बताया कि स्मॉग टावर लगाने पर 20 से 25 लाख रुपये की लागत आएगी। टावर की ऊंचाई व इसे लगाने जगह आदि की तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों व विशेषज्ञों के बीच विचार विर्मश चल रहा है।
भलस्वा लैंडफिल साइट पर उड़ने वाले धूलकण वायु में घुल कर प्रदूषण की वजह बन रहे हैं। जिससे आसपास रहने वाले लlेग भी परेशान हो रहे हैं। ऐसे में स्मॉग टावर के जरिये लैंडफिल साइट व आसपास की हवा को शुद्ध किया जा सकेगा। बता दें कि राजधानी में वायु प्रदूषण के दुष्प्रभाव से लोगों को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट भी जनवरी माह में स्मॉग टॉवर लगाने का निर्देश दिए थे। दिल्ली में पहला स्मॉग टावर लाजपत नगर में लगाया जा चुका है।
बड़ी संख्या में रोजाना कूड़ा डालने पहुंचते हैं वाहन
भलस्वा लैंडफिल साइट पर रोजाना सैकड़ों ट्रकों के जरिये कूड़े डाला जाता है। ऐेसे में जब ट्रक जब नीचे से ऊपर पहाड़ पर चढ़ते हैं तो इससे काफी मात्रा में धूल उड़ती है। जिससे धूल के कण हवा में घुलकर प्रदूषण का कारण बन रहे हैं।
मंत्री लगा चुके हैं जुर्माना
भलस्वा लैंडफिल साइट पर उड़ती धूल से फैलने वाले प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर 20 लाख का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया था। उन्होंने बीते 13 अक्टूबर को लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया था और इस दौरान उन्होंने प्रदूषण रोकथाम के तय मानकों का उल्लंघन पाया था और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी (डीपीसीसी को) जुर्माना लगाने का निर्देश दिया था।
कैसे काम करता है स्मॉग टावर
स्मॉग टावर एक प्रकार से बड़े आकार का एयर प्यूरिफायर है। इसमें लगे पंखे दूषित हवा को खींच लेते हैं। यह अंदर लगे फिल्टर और अन्य उपकरण वायु में घुले कार्बन और धूल कणों को अलग कर शुद्ध वायु को वापस वातावरण में छोड़ देता है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो